जांच में किया गया दावा, ईरान के स्कूल पर हमला अमेरिका ने किया था

जांच में किया गया दावा, ईरान के स्कूल पर हमला अमेरिका ने किया था

जांच में किया गया दावा, ईरान के स्कूल पर हमला अमेरिका ने किया था
Modified Date: March 9, 2026 / 04:45 pm IST
Published Date: March 9, 2026 4:45 pm IST

यरूशलम, नौ मार्च (एपी) खोजी पत्रकारिता करने वाले नीदरलैंड स्थित समूह ‘बैलिंगकैट’ का कहना है कि हाल में जारी किया गया एक वीडियो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस दावे का खंडन करता प्रतीत होता है कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध की शुरुआत में एक ईरानी स्कूल में हुए विस्फोट के लिए ईरान खुद जिम्मेदार था, जिसमें 165 से अधिक लोग मारे गए थे।

यह दावा ऐसे समय किया गया है जब कई सबूत 28 फरवरी को हुए हमले के लिए अमेरिका की संलिप्तता की ओर इशारा कर रहे हैं। हमले में ईरान के दक्षिणी प्रांत होर्मोजगान के मीनाब स्थित रिवोल्यूशनरी गार्ड के एक अड्डे के पास स्कूल को निशाना बनाया गया था।

समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (एपी) द्वारा लिए गए साक्षात्कार में विशेषज्ञों ने उपग्रह तस्वीरों के विश्लेषण का हवाला देते हुए कहा कि स्कूल परिसर पर बम गिराये गए थे।

बैलिंगकैट द्वारा साझा किया गया वीडियो, स्कूल पर हमले वाले दिन का तीन सेकंड का एक छोटा सा ‘क्लिप’ है, जिसे ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी ‘मेहर’ ने रविवार को प्रसारित किया था।

वीडियो में एक इमारत पर गोला गिरते हुए दिखाया गया है, जिससे काले धुएं का गुबार छा जाता है। बैलिंगकैट के शोधकर्ता ट्रेवर बॉल ने वीडियो की भौगोलिक स्थिति का पता लगाया और पाया कि यह स्कूल के पास का है।

इस गोला-बारूद की पहचान टोमाहॉक क्रूज मिसाइल के रूप में की गई, जिसके बारे में माना जाता है कि इस युद्ध में, यह केवल अमेरिका के पास ही है।

हालांकि, युद्ध के दौरान किसी भी स्वतंत्र एजेंसी ने जांच के लिए घटनास्थल का दौरा नहीं किया है।

शनिवार को जब एक पत्रकार ने ट्रंप से पूछा कि क्या इस विस्फोट के लिए अमेरिका जिम्मेदार है, जिसमें ज्यादातर बच्चे मारे गए, तो ट्रंप ने बिना कोई सबूत दिए जवाब दिया, ‘‘नहीं, मेरी राय में, मैंने जो देखा है उसके आधार पर, यह ईरान द्वारा किया गया था।’’

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका इसकी जांच कर रहा है।

एक अमेरिकी अधिकारी ने एपी को बताया कि यह हमला संभवतः अमेरिका द्वारा किया गया था।

बैलिंगकैट के विश्लेषण पर सोमवार को एपी द्वारा टिप्पणी के लिए किये गए अनुरोधों का न तो अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड और न ही इजरायली सेना ने तत्काल कोई जवाब दिया।

एपी सुभाष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में