pakistan/ image source: ibc24 file image
Iran Israel War Pakistan: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री Khawaja Asif ने उस विवादित पोस्ट को डिलीट कर दिया है, जिसमें उन्होंने Israel को “इंसानियत के लिए अभिशाप” बताया था। यह पोस्ट उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर गुरुवार को साझा की थी, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी हंगामा मच गया। इस बयान के बाद पाकिस्तान की उस भूमिका पर सवाल उठने लगे, जिसमें वह अमेरिका और Iran के बीच संभावित मध्यस्थता की बात कर रहा था। आलोचकों का कहना था कि इस तरह के बयान से पाकिस्तान की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।
डिलीट की जा चुकी पोस्ट में ख्वाजा आसिफ ने लिखा था कि जब इस्लामाबाद में शांति वार्ता चल रही है, उसी समय Lebanon में “नरसंहार” हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इजरायल बेकसूर नागरिकों की हत्या कर रहा है और गाजा से लेकर ईरान और अब लेबनान तक हिंसा का सिलसिला जारी है। अपने बयान में उन्होंने बेहद विवादित शब्दों का इस्तेमाल करते हुए इजरायल को “कैंसर जैसी सत्ता” बताया और इसे स्थापित करने वालों के खिलाफ भी तीखी टिप्पणी की। इस बयान को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
इस पर इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री का यह बयान बेहद आपत्तिजनक है। उनके कार्यालय ने कहा कि “यह ऐसा बयान नहीं है जिसे किसी भी सरकार से स्वीकार किया जा सके, खासकर उस देश से जो खुद को शांति का निष्पक्ष मध्यस्थ बताता है।” वहीं इजरायल के विदेश मंत्री Gideon Sa’ar ने भी पाकिस्तान के नेतृत्व की खुलकर आलोचना की और इस बयान को यहूदी-विरोधी और भ्रामक बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि इजरायल को “कैंसर” कहना उसके विनाश की खुली अपील के समान है।
इजरायल की कड़ी प्रतिक्रिया के बाद ख्वाजा आसिफ ने अपनी पोस्ट हटा ली। यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ था जब पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने लेबनान में इजरायली सैन्य कार्रवाई की निंदा की थी, जिसके बाद आसिफ ने यह बयान दिया। इजरायल की ओर से स्पष्ट किया गया कि वह अपने खिलाफ खड़े आतंकवादी संगठनों से बचाव के लिए हर संभव कदम उठाएगा और इस तरह की बयानबाजी को गंभीरता से लेता है।