तोक्यो, सात अप्रैल (एपी) जापान सरकार के एक शीर्ष प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि जनवरी में ईरान में हिरासत में लिए गए एक जापानी नागरिक को जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
मुख्य कैबिनेट सचिव मिनोरू किहारा ने तोक्यो में पत्रकारों को बताया कि इस नागरिक की रिहाई की पुष्टि सोमवार को हुई और जापान ईरानी प्राधिकारियों से पूर्ण रिहाई की मांग कर रहा है।
उन्होंने बताया कि ईरान में जापान के राजदूत तमाकी सुकादा ने रिहा किए गए व्यक्ति से मुलाकात की और पुष्टि की कि वह स्वस्थ है। हालांकि, उन्होंने इससे अधिक जानकारी नहीं दी।
रिहा किया गया व्यक्ति जापान के सरकारी प्रसारणकर्ता ‘एनएचके’ का पत्रकार बताया जा रहा है। एक अन्य जापानी नागरिक, जिसे पिछले वर्ष जून में ईरान में हिरासत में लिया गया था, मार्च में रिहा होकर जापान लौट चुका है।
मंगलवार की यह घोषणा, जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और ईरान के उनके समकक्ष अब्बास अराघची के बीच फोन पर बातचीत के एक दिन बाद हुई है। दोनों नेताओं ने फोन पर हुई बातचीत में अमेरिका और इजराइल के साथ ईरान के युद्ध पर चर्चा की थी।
जापान के विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, मोतेगी ने वार्ता के दौरान शेष बंदी की रिहाई की अपनी मांग दोहराई, जिस पर अराघची ने कहा कि वह इस अनुरोध पर गंभीरता से विचार करेंगे।
‘कमिटी टू प्रोटेक्ट जनर्लिस्ट्स’ (सीपीजे) ने जनवरी में ईरान में हिरासत में लिए गए व्यक्ति को एनएचके का पत्रकार बताया है। सीपीजे के अनुसार, इस पत्रकार को 20 जनवरी को रिवोल्यूशनरी गार्ड ने गिरफ्तार किया था और 23 फरवरी को उसे एविन जेल स्थानांतरित कर दिया गया था।
एपी गोला मनीषा
मनीषा