दुबई: America Iran War: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने शनिवार को कहा कि अमेरिका द्वारा बिना शर्त आत्मसमर्पण की मांग एक ऐसा ‘‘ख्वाब है जिसे उन्हें अपनी कब्र तक साथ ले जाना चाहिए। राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने यह टिप्पणी सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित एक पूर्व ‘रिकॉर्डेड’ संबोधन में की। उन्होंने क्षेत्रीय देशों पर ईरान के हमलों के लिए माफी भी मांगी और कहा कि तेहरान हमलों को रोक देगा। उन्होंने संकेत दिया कि ये हमले सैन्य अधिकारियों के बीच सूचनाओं के गलत संचार के कारण हुए थे। उनका यह बयान उस समय प्रसारित हुआ जब शनिवार सुबह बहरीन, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात पर बार-बार हमले किए गए।
America Iran War: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन की माफी के कुछ देर बाद ही कतर की राजधानी दोहा में एक धमाका हुआ। रिपोर्ट के अनुसार इस धमाके के साथ ही सुरक्षा अलार्म भी बजने लगा। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि ईरानी सरकार के फैसले और जमीन पर मौजूद सैन्य बलों की कार्रवाई के बीच कोई समय का अंतर था या नहीं।
ईरान की राहत संस्था रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने कहा है कि 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध के बाद से अमेरिका और इजराइल के हमलों में 6,668 नागरिक जगहों को निशाना बनाया गया है। यह जानकारी ईरानी न्यूज एजेंसी फार्स ने दी है। रेड क्रिसेंट के मुताबिक हमलों में सबसे ज्यादा नुकसान घरों और आम लोगों की जगहों को हुआ है। संस्था के आंकड़ों के मुताबिक हमले में 5,535 घर, 1,041 दुकानें और व्यापारिक जगहें, 14 मेडिकल सेंटर, 65 स्कूल और रेड क्रिसेंट के 13 सेंटर्स को निशाना बनाया गया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि हमलों के दौरान बचाव और राहत कार्य में लगी कई गाड़ियां भी खराब हो गईं। इसके अलावा लोगों को बचाने गए रेड क्रिसेंट के कुछ कर्मचारी भी घायल हो गए।