इजराइल का ईरान के शीर्ष अधिकारी को मारने का दावा, तेल अवीव के पास ईरानी हमलों में दो लोगों की मौत

Ads

इजराइल का ईरान के शीर्ष अधिकारी को मारने का दावा, तेल अवीव के पास ईरानी हमलों में दो लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - March 18, 2026 / 07:49 PM IST,
    Updated On - March 18, 2026 / 07:49 PM IST

दुबई, 18 मार्च (एपी) इजराइल ने बुधवार को एक और शीर्ष ईरानी अधिकारी को मार गिराने का दावा किया जो दो दिनों में इस प्रकार का तीसरा मामला है।

वहीं पश्चिम एशिया में संघर्ष के धीमा पड़ने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं। ईरान ने हवाई सुरक्षा को भेदते हुए अपनी कुछ नवीनतम मिसाइलों का इस्तेमाल फारस की खाड़ी के अपने पड़ोसी देशों व इजराइल पर हमले करने के लिए किया। साथ ही तेल अवीव के पास दो लोगों को मार डाला। इजराइल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज ने कहा कि ईरानी खुफिया मंत्री इस्माइल खातीब रात भर चले हमले में मारे गए और उन्होंने वादा किया कि ‘आज पूरे दिन सभी मोर्चों पर महत्वपूर्ण आश्चर्यजनक घटनाओं के सामने आने की उम्मीद है।’ हालांकि उन्होंने इसके बारे में विस्तार से नहीं बताया।

ईरान ने खातीब की मौत की तुरंत पुष्टि नहीं की। इजराइल ने मंगलवार को ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी और अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के बासिज बल के प्रमुख को मार गिराया था।

इजराइल ने लेबनान पर दबाव बनाए रखा है और ईरान समर्थित हिजबुल्ला चरमपंथियों को निशाना बनाकर हमले कर रहा है जिनमें बेरूत में कई अपार्टमेंट भवनों को निशाना बनाया गया और कम से कम 12 लोग मारे गए।

ईरान में बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र परिसर पर एक रात पहले एक प्रक्षेपास्त्र से हमला हुआ, लेकिन किसी के घायल होने की खबर नहीं है और संयंत्र को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। यह जानकारी अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने तेहरान से मिली एक रिपोर्ट के आधार पर दी।

आईएईए प्रमुख राफेल ग्रोसी ने संघर्ष के दौरान ‘‘अधिकतम संयम’’ बरतने की अपील दोहराई, ताकि किसी परमाणु दुर्घटना का खतरा टाला जा सके।

अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर 28 फरवरी को हमले के बाद से ईरान अपने खाड़ी अरब पड़ोसियों के ऊर्जा ढांचे और सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है। यह रणनीति तेल कीमतों को बढ़ाने और वाशिंगटन पर दबाव बनाने के उद्देश्य से अपनाई जा रही है।

ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य पर भी अपनी पकड़ बनाए हुए है, जो एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है और जहां से दुनिया के तेल की कुल खपत का लगभग पांचवां हिस्सा गुजरता है। इससे वैश्विक ऊर्जा संकट की आशंकाएं बढ़ गई हैं।

बुधवार को शुरुआती कारोबार में अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी रही, जो युद्ध की शुरुआत से 40 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि है।

ईरान की न्यायपालिका ने बुधवार को कहा कि इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के लिए जासूसी करने के आरोप में देश में एक व्यक्ति को फांसी दी गयी है।

न्यायपालिका की समाचार एजेंसी ‘मिजान’ ने मृतक की पहचान कुरुश कीवानी के रूप में की है।

ईरान ने बुधवार को सऊदी अरब के विशाल पूर्वी प्रांत पर हमला किया, जहां उसके कई तेल क्षेत्र स्थित हैं। साथ ही कुवैत, बहरीन, कतर और संयुक्त अरब अमीरात पर भी हमला किया।

ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव और देश के सबसे शक्तिशाली व्यक्तियों में से एक लारीजानी की इजराइल द्वारा की गई हत्या के जवाब में अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड ने बुधवार को कहा कि उसने कई ‘वारहेड’ वाली मिसाइलों से मध्य इजराइल को निशाना बनाया है। इनमें मिसाइल रक्षा प्रणालियों से बचने की संभावना अधिक होती है और जो रडार ट्रैकिंग सिस्टम को भी नाकाम कर सकती हैं।

इजराइल ने कहा कि तेल अवीव के पूर्व में स्थित रमात गान में दो लोगों की मौत हो गई।

पूर्व संसद अध्यक्ष लारीजानी ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के रणनीतिक सलाहकार थे और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के साथ परमाणु वार्ता में अहम भूमिका निभाते रहे थे।

लारीजानी पर जनवरी में अमेरिका ने देशव्यापी प्रदर्शनों के हिंसक दमन के ‘‘समन्वय’’ में भूमिका के लिए प्रतिबंध लगाए थे।

वहीं, रिवोल्यूशनरी गार्ड की बासिज मिलिशिया के प्रमुख जनरल गुलाम रजा सुलेमानी भी मंगलवार को इजराइली हमले में मारे गए। सुलेमानी पर भी अमेरिका, यूरोपीय संघ और अन्य देशों ने वर्षों तक विरोध दबाने में उनकी भूमिका को लेकर प्रतिबंध लगाए थे।

खुफिया प्रमुख खातीब पर 2022 में अमेरिका द्वारा प्रतिबंध लगाए गए थे। उन पर आरोप था कि उनका मंत्रालय ‘अमेरिका और उसके सहयोगियों के खिलाफ साइबर-सक्षम गतिविधियों में संलग्न था।’

दो इराकी सुरक्षा अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बुधवार तड़के लगातार दूसरे दिन बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर भी हमले हुए। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। युद्ध शुरू होने के बाद से ही ईरान समर्थक मिलिशिया समूह इराक में अमेरिकी ठिकानों पर नियमित रूप से हमले कर रहे हैं।

इजराइल ने खाली करने का नोटिस जारी करने के लगभग एक घंटे बाद मध्य बेरूत में एक अपार्टमेंट इमारत को ध्वस्त कर दिया। यह चौथी बार था जब इमारत को निशाना बनाया गया था। इजराइली सेना ने दावा किया कि उस इमारत का इस्तेमाल हिजबुल्ला अपनी गतिविधियों के वित्तपोषण के लिए रखे गए ‘लाखों डॉलर’ को संग्रहित करने में कर रहा था। हालांकि उसने इसके समर्थन में कोई साक्ष्य पेश नहीं किया।

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, मध्य बेरूत में इजराइली हवाई हमलों में कुल 10 लोग मारे गए। मंत्रालय ने बताया कि लेबनान की पश्चिमी बेका घाटी में हुए एक हवाई हमले में दो अन्य लोग मारे गए।

इजराइली सेना ने यह भी कहा कि उसने ‘इजराइली क्षेत्र में गोलीबारी के जवाब में’ दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्ला को निशाना बनाकर कई हमले किए हैं। तत्काल किसी प्रकार के नुकसान या किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

इजराइल में ईरानी मिसाइल हमले में 14 लोगों के साथ ही कम से कम 13 अमेरिकी सैन्यकर्मी भी मारे गए हैं।

ईरानी रेड क्रिसेंट के अनुसार, 28 फरवरी को संघर्ष शुरू होने के बाद से ईरान में 1,300 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।

एपी

शुभम नरेश

नरेश