ईरान पर हमलों का मतलब फिर से युद्ध की शुरुआत नहीं: ट्रंप

Ads

ईरान पर हमलों का मतलब फिर से युद्ध की शुरुआत नहीं: ट्रंप

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 12:32 AM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 12:32 AM IST

दुबई, आठ जुलाई (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ईरान के खिलाफ फिर से सैन्य हमले करने की चेतावनी दी।

उन्होंने इससे पहले कहा था कि ईरान के हमलों से युद्धविराम समाप्त होने का संकेत मिला है।

ट्रंप ने हालांकि यह भी कहा कि ईरान के साथ हालिया संघर्ष का यह सिलसिला युद्ध की फिर से शुरुआत का संकेत नहीं है।

अक्सर विरोधाभासी बयान देने वाले ट्रंप कई बार ईरान के खिलाफ हमले तेज करने की धमकी दे चुके हैं लेकिन बाद में कूटनीतिक प्रगति का दावा करते हुए वह अपने कदम पीछे भी खींचते रहे हैं।

उन्होंने बुधवार को कहा कि अमेरिका “संभवतः आज रात फिर से ईरान पर जोरदार हमला करेगा।”

ट्रंप ने हालांकि बाद में यह भी कहा कि हालिया जवाबी हमलों का यह दौर किसी “दीर्घकालिक” सैन्य कार्रवाई में नहीं बदलेगा।

ट्रंप ने कहा, “जो कुछ भी होगा, वह बहुत तेजी से होगा।”

उन्होंने हालांकि यह भी संकेत दिया कि अमेरिकी सेना “इस काम को पूरी तरह खत्म कर सकती है।”

एक दिन पहले वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों के बाद ईरान और अमेरिका ने एक दूसरे के सैन्य ठिकानों पर हमले किये थे।

ट्रंप ने ईरान के नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमला करने की अपनी पुरानी धमकियों को भी दोहराया, जिनमें बिजली संयंत्र, समुद्री जल को मीठा बनाने वाले संयंत्र और खार्ग द्वीप स्थित तेल उत्पादन केंद्र पर कब्जा करने की बात भी शामिल है।

ट्रंप ने तुर्किये की राजधानी अंकारा में नाटो शिखर सम्मेलन से इतर बातचीत में कहा कि ये हमले होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर ईरान के हमलों के जवाब में की जा रही लगातार प्रतिशोधात्मक कार्रवाई का हिस्सा हैं।

उन्होंने ईरान पर आरोप लगाया, “वे बहुत बुरा व्यवहार कर रहे हैं।”

ट्रंप ने आरोप लगाया कि ईरान ने जहाजों पर ड्रोन और मिसाइल से हमले किए।

मंगलवार को तीन तेल टैंकरों पर हमले के बाद अमेरिका ने ईरान पर जवाबी हमले किए, जिसके प्रतिशोध में ईरानी बलों ने फारस की खाड़ी में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।

एपी जितेंद्र देवेंद्र

देवेंद्र