इजराइल ने वेस्ट बैंक में विद्रोहियों के गढ़ से सैनिकों को वापस बुलाया

Ads

इजराइल ने वेस्ट बैंक में विद्रोहियों के गढ़ से सैनिकों को वापस बुलाया

  •  
  • Publish Date - July 5, 2023 / 03:44 PM IST,
    Updated On - July 5, 2023 / 03:44 PM IST

जेनिन (वेस्ट बैंक), पांच जुलाई (एपी) इजराइल की सेना ने बुधवार को वेस्ट बैंक में विद्रोहियों के गढ़ से सैनिकों को वापस बुला लिया। इसके साथ ही इलाके में दो दिन तक चला उसका गहन सैन्य अभियान समाप्त हो गया।

इस अभियान में कम से कम 12 फलस्तीनियों की मौत हो गयी, हजारों लोग बेघर हो गए और व्यापक पैमाने पर नुकसान हुआ है। इस अभियान में एक इजराइली सैनिक भी मारा गया।

सेना ने इस अभियान में जेनिन शरणार्थी शिविर में विद्रोहियों समूहों को भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया है।

अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वेस्ट बैंक में भीषण लड़ाई के लगभग डेढ़ साल बाद इसका कोई दीर्घकालीन असर होगा या नहीं।

सैनिकों की वापसी से पहले इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने जरूरत पड़ने पर ऐसे ही अभियान चलाने का संकल्प लिया।

उन्होंने जेनिन के बाहरी इलाके में एक सैन्य चौकी का दौरा करते हुए कहा, ‘‘अभी हम अभियान समाप्त कर रहे हैं और मैं कह सकता हूं कि जेनिन में हमारा गहन अभियान केवल एक बार के लिए नहीं है। हमें जहां भी चरमपंथ दिखेगा, हम उसका खात्मा कर देंगे।’’

जेनिन में कार्रवाई दो दशक पहले हुए संघर्ष के बाद वेस्ट बैंक में इजराइल का सबसे बड़ा सैन्य अभियान था।

बुधवार सुबह सैनिकों की वापसी के बाद निवासी अपने घरों से निकलने लगे। उन्हें सड़कों पर मलबे का ढेर मिला।

सेना ने बताया कि उसने हजारों हथियार, बम बनाने वाली सामग्री और पैसों का भंडार जब्त किया हैं। विद्रोहियों के ठिकानों और नागरिक इलाकों तथा एक मस्जिद के नीचे भी छिपाकर रखे हथियार बरामद किए गए।

सैनिकों की वापसी से पहले हमास के एक चरमपंथी ने तेल अवीव के एक भीड़भाड़ वाले बस अड्डे पर लोगों पर कार चढ़ा दी और इसके बाद लोगों पर चाकू से वार करना शुरू कर दिया जिसमें एक गर्भवती महिला समेत आठ लोग घायल हो गए। ऐसा बताया जा रहा है कि गर्भवती महिला के बच्चे की मौत हो गयी है। घटनास्थल पर हथियार से लैस एक आम नागरिक ने ही हमलावर को मार गिराया।

हमास ने कहा कि यह हमला इजराइल की कार्रवाई का बदला है।

बुधवार को हमास के चरमपंथियों ने इजराइल की ओर पांच रॉकेट भी दागे। सभी रॉकेट को लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही गिरा दिया गया। इजराइली विमानों ने भी गाजा में कई ठिकानों पर हमला किया।

फलस्तीन के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इजराइल के हमलों में 13 फलस्तीनी मारे गए और कई अन्य घायल हुए थे। वेस्ट बैंक के रामल्ला शहर में एक अलग घटना में इजराइली सेना ने एक अन्य फलस्तीनी व्यक्ति को मार गिराया।

एपी

गोला देवेंद्र

देवेंद्र