अमेरिका के पूर्वोत्तर क्षेत्र में तकनीकी खराबी के कारण सैकड़ों उड़ानें प्रभावित

Ads

अमेरिका के पूर्वोत्तर क्षेत्र में तकनीकी खराबी के कारण सैकड़ों उड़ानें प्रभावित

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 08:21 PM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 08:21 PM IST

न्यूयॉर्क, 22 सितंबर (एपी) अमेरिका के फिलाडेल्फिया में एक प्रमुख हवाई यातायात नियंत्रण केंद्र में संचार लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण न्यूयॉर्क शहर क्षेत्र के हवाई अड्डों से उड़ानों में देरी हुई और कुछ को रद्द करना पड़ा। बाद में संचार लाइन की मरम्मत के बाद मंगलवार को प्रभावित हवाई अड्डों पर परिचालन बहाल हो गया।

सोमवार को आई खराबी के कारण न्यूयॉर्क शहर क्षेत्र के सभी प्रमुख हवाई अड्डे प्रभावित हुए और सैकड़ों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इनमें नेवार्क लिबर्टी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आने-जाने वाली 600 से अधिक उड़ान शामिल थीं।

अमेरिका के परिवहन मंत्री शॉन डफी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि मरम्मत पूरी हो जाने के बाद भी उड़ानों में पहले से हो रही देरी का असर खत्म होने में कुछ समय लगेगा।

फिलाडेल्फिया स्थित संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) केंद्र की मुख्य संचार लाइन सोमवार को पहले खराब हो गई थी और वैकल्पिक फाइबर ऑप्टिक लाइन को रेल निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों ने अनजाने में काट दिया। इससे हवाई यातायात नियंत्रण कक्षों का रडार और संचार संपर्क कई घंटे तक बाधित रहा।

उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24’ के अनुसार, इस खराबी के कारण दिन के ज्यादातर समय नेवार्क में वाणिज्यिक हवाई यातायात लगभग ठप रहा। स्थानीय समयानुसार पूर्वाह्न करीब नौ बजकर 40 मिनट से शाम पांच बजकर 20 मिनट तक कोई वाणिज्यिक उड़ान वहां नहीं उतरी।

फिलाडेल्फिया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आने-जाने वाली 200 से अधिक उड़ानें भी रद्द कर दी गईं, जबकि न्यूयॉर्क के लागार्डिया और कैनेडी हवाई अड्डे भी प्रभावित हुए। सोमवार शाम तक इन हवाई अड्डों पर उड़ानें फिर शुरू हो गई थीं।

कुछ विमानन कंपनियों ने यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के अपनी उड़ान बदलने की अनुमति दी। एफएए ने यात्रियों को हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी।

ये उड़ानें ऐसे समय में प्रभावित हुईं जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कई विदेशी नेता संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाग लेने के लिए न्यूयॉर्क पहुंच रहे थे।

उड़ान सेवाओं में व्यवधान के कारण कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी सोमवार को महासभा से इतर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। हालांकि, उनके कार्यालय ने बताया कि वह सोमवार रात न्यूयॉर्क पहुंच गए थे।

एपी आशीष अविनाश

अविनाश