जापान की प्रधानमंत्री तकाइची आर्थिक सुरक्षा, निवेश पर मोदी के साथ करेंगी वार्ता

Ads

जापान की प्रधानमंत्री तकाइची आर्थिक सुरक्षा, निवेश पर मोदी के साथ करेंगी वार्ता

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 08:09 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 08:09 PM IST

टोक्यो, 30 जून (भाषा) जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची इस हफ्ते अपनी भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ होने वाली वार्ता में आर्थिक सुरक्षा, ऊर्जा, निवेश और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगी।

जापान के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि तकाइची 1 से 3 जुलाई तक भारत का दौरा करेंगी और अपनी तीन दिन की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ जापान-भारत शिखर बैठक करेंगी।

मंत्रालय ने कहा कि तकाइची के इस दौरे का उद्देश्य भारत के साथ रिश्तों को मजबूत करना है, जो ‘मुक्त और खुले हिंद-प्रशांत’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ‘‘बेहद जरूरी’’ है।

मंत्रालय ने कहा कि दोनों नेता ‘‘अगले दशक के लिए जापान-भारत की साझा दृष्टि’’ के तहत ‘‘पारस्परिक सहयोग को और प्रगाढ़ करने’’ पर चर्चा करेंगे। पिछले साल अगस्त में प्रधानमंत्री मोदी के जापान दौरे के दौरान साझा दृष्टि की घोषणा की गई थी।

मंत्रालय के अनुसार, वार्ता में ‘‘ऊर्जा सहित आर्थिक सुरक्षा के क्षेत्रों, और साथ ही निवेश व नवाचार के जरिए आर्थिक विकास’’ पर चर्चा की जाएगी।

तकाइची की यह यात्रा अगस्त 2025 में मोदी की टोक्यो यात्रा के बाद हो रही है, जिस दौरान दोनों देशों ने अगले दशक के लिए जापान-भारत संयुक्त दृष्टि पत्र जारी किया और जापान ने आगामी दशक में भारत में 10,000 अरब येन (जापानी मुद्रा) के निवेश का लक्ष्य घोषित किया।

भारत और जापान एक विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी साझा करते हैं, जिसमें व्यापार और निवेश, अवसंरचना, रक्षा और सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और उभरती प्रौद्योगिकियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग शामिल है।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश