कोटक बैंक भारत में डॉयचे बैंक के खुदरा, निजी बैंकिंग, संपत्ति प्रबंधन कारोबार का अधिग्रहण करेगा

Ads

कोटक बैंक भारत में डॉयचे बैंक के खुदरा, निजी बैंकिंग, संपत्ति प्रबंधन कारोबार का अधिग्रहण करेगा

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 07:56 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 07:56 PM IST

मुंबई, 30 जून (भाषा) निजी क्षेत्र के कोटक महिंद्रा बैंक (केएमबी) ने मंगलवार को जर्मनी के डॉयचे बैंक के भारत में खुदरा, निजी बैंकिंग और संपत्ति प्रबंधन व्यवसाय के अधिग्रहण के लिए एक पक्का समझौता करने की घोषणा की है। हालांकि, यह सौदा कितनी राशि में हुआ है, इसका खुलासा नहीं किया गया है।

बैंक ने कहा कि इस अधिग्रहण से उसके ग्राहकों और सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम कारोबार को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

आधिकारिक बयान के अनुसार, अधिग्रहीत कारोबार में लगभग 29,000 करोड़ रुपये के ऋण, 16,000 करोड़ रुपये की जमा राशि और 10,500 करोड़ रुपये की परिसंपत्ति प्रबंधन शामिल हैं।

डॉयचे बैंक भारत में इन तीनों व्यवसाय खंडों के तहत लगभग 1.5 लाख ग्राहकों को सेवा देता है और इसके लिए करीब 1,000 कर्मचारी कार्यरत हैं।

इस समझौते के अगले वर्ष सितंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसमें ग्राहकों के संबंध, कर्मचारी और संबंधित उत्पादों का स्थानांतरण शामिल होगा। यह प्रक्रिया नियामकीय मंजूरी पर निर्भर करेगी, जिसमें भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) की मंजूरी भी शामिल है।

बयान में कहा गया कि यह सौदा कोटक महिंद्रा बैंक के लिए शेयर पर मुनाफे के लिहाज से लाभकारी रहेगा, जबकि डॉयचे बैंक के लिए यह पूंजी के दृष्टिकोण से सकारात्मक होगा।

कोटक महिंद्रा बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अशोक वासवानी ने कहा कि यह एक मजबूत रणनीतिक कदम है, जो व्यावसायिक रूप से भी उपयुक्त है। इससे बैंक को उच्च गुणवत्ता वाला ग्राहक आधार, अनुभवी टीम और अतिरिक्त विस्तार के अवसर मिलेंगे।

भाषा

योगेश अजय

अजय