ट्रंप के विरोधियों के खिलाफ जांच का नेतृत्व कर रहे जो डिजेनोवा ने पद से दिया इस्तीफा

Ads

ट्रंप के विरोधियों के खिलाफ जांच का नेतृत्व कर रहे जो डिजेनोवा ने पद से दिया इस्तीफा

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 11:01 AM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 11:01 AM IST

वाशिंगटन, 11 सितंबर (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी जो डिजेनोवा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने ट्रंप के खिलाफ कथित साजिश को लेकर जांच करने के लिए गठित दल के प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया है।

डिजेनोवा ने कहा, ‘‘मैंने वास्तव में इस्तीफा दे दिया है।’’ उन्होंने ट्रंप और न्याय विभाग के लिए कार्य करने को ‘‘सम्मान और विशेषाधिकार’’ बताया।

उन्होंने यह बताने से इनकार कर दिया कि उन्होंने किस वजह से इस्तीफा दिया। डिजेनोवा को महज पांच महीने पहले न्याय विभाग में वापस लाया गया था ताकि वह उस जांच की निगरानी में मदद कर सकें, जिसका दायरा स्पष्ट रूप से तय नहीं है और जिसके तहत पिछले एक दशक में ट्रंप की जांच-पड़ताल करने वाले पूर्व सरकारी अधिकारियों को निशाना बनाया जा रहा है।

न्याय विभाग ने इस संबंध में तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

डिजेनोवा के इस्तीफे से जांच को लेकर अचानक अनिश्चितता पैदा हो गई है। हाल में जांच की रफ्तार तेज होने के संकेत मिले थे और फ्लोरिडा में एक संघीय ‘ग्रैंड जूरी’ के समक्ष गवाही देने के लिए नये समन जारी किए गए थे। जांच का केंद्र भी फ्लोरिडा में ही है।

डिजेनोवा (81) ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के कार्यकाल के दौरान कोलंबिया जिले के अमेरिकी अटॉर्नी के रूप में काम किया था। ट्रंप के करीबी सहयोगी डिजेनोवा को अप्रैल में न्याय विभाग में वापस लाया गया और उन्हें ऐसी जांच की जिम्मेदारी दी गई जिसका उद्देश्य यह पता लगाना था कि क्या ट्रंप के खिलाफ कोई साजिश रची गई थी।

इससे पहले, डिजेनोवा ने तत्कालीन अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी से उन्हें इस पद पर नियुक्त करने का आग्रह किया था। उन्होंने कई बार सार्वजनिक रूप से दावा किया है कि ट्रंप को निशाना बनाने के लिए अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के कुछ लोगों ने उनके खिलाफ साजिश रची थी।

एपी खारी सिम्मी

सिम्मी