कोसोवो की राष्ट्रपति ने संसद भंग करने की दिशा में कदम बढ़ाया, नए संकट में घिरा देश

Ads

कोसोवो की राष्ट्रपति ने संसद भंग करने की दिशा में कदम बढ़ाया, नए संकट में घिरा देश

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 04:11 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 04:11 PM IST

प्रिस्टीना, छह मार्च (एपी) कोसोवो की राष्ट्रपति वोजोसा उस्मानी ने शुक्रवार को संसद भंग करने की घोषणा की।

उस्मानी ने यह फैसला उनके उत्तराधिकारी का चुनाव न हो पाने के बाद जल्द से जल्द चुनाव कराने के लिए लिया।

इस घटनाक्रम ने बाल्कन देश में एक नया संकट खड़ा कर दिया है, जहां लगभग एक साल से चल रहे राजनीतिक गतिरोध के बाद दिसंबर में अचानक चुनाव हुए थे। कोसोवो की संसद में बृहस्पतिवार मध्यरात्रि तक उस्मानी के स्थान पर नए राष्ट्रपति का चुनाव होना था लेकिन 120 सदस्यीय सदन में सदस्यों की संख्या कम होने के कारण मतदान नहीं हो सका।

उस्मानी ने 2021 में पदभार संभाला था।

प्रधानमंत्री अल्बिन कुर्ती ने राष्ट्रपति का चुनाव न हो पाने के लिए विपक्ष द्वारा सत्र के बहिष्कार को जिम्मेदार ठहराया।

अल्बिन कुर्ती की सत्तारूढ़ पार्टी ‘वेंटेवेदोजे’ ने संवैधानिक न्यायालय से प्रक्रिया को फिर से शुरू करने की समय सीमा को अस्थायी रूप से स्थगित करने का अनुरोध किया है।

यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया कि अदालत कब फैसला सुनाएगी और क्या इससे संसद भंग करने के उस्मानी के निर्णय पर कोई असर पड़ेगा।

उस्मानी ने शुक्रवार को संबोधन में कहा कि यह स्थिति ‘पूरी तरह से टाली जा सकती थी’ और सांसदों के पास राष्ट्रपति चुनने के लिए पर्याप्त समय था।

उस्मानी ने कहा, “यह इस देश के लिए बहुत बड़ा दुर्भाग्य है कि उन्होंने कोसोवो गणराज्य के हितों को नहीं चुना। मैंने संसद भंग करने का आदेश जारी कर दिया है और इस आदेश के माध्यम से मैं संविधान में स्पष्ट रूप से परिभाषित दायित्व का पालन कर रही हूं।”

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश