ईरान के खिलाफ युद्ध में शामिल होने की तैयारी कर रहे कुर्द विद्रोही समूह

Ads

ईरान के खिलाफ युद्ध में शामिल होने की तैयारी कर रहे कुर्द विद्रोही समूह

  •  
  • Publish Date - March 5, 2026 / 10:54 AM IST,
    Updated On - March 5, 2026 / 10:54 AM IST

इरबिल (इराक), पांच मार्च (एपी) उत्तरी इराक में स्थित ईरानी कुर्द असंतुष्ट समूह के नेताओं का कहना है कि वे ईरान में संभावित सीमा-पार सैन्य अभियान की तैयारी कर रहे हैं और अमेरिका ने इराकी कुर्द से उनका समर्थन करने को कहा है।

कुर्द समूहों को बिखरे हुए ईरानी विपक्ष का व्यापक रूप से सबसे संगठित हिस्सा माना जाता है और अनुमान है कि उनके पास हजारों प्रशिक्षित लड़ाके हैं। युद्ध में उनका प्रवेश तेहरान में संकटग्रस्त प्राधिकारियों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है तथा यह इराक को भी संघर्ष में और अधिक उलझा सकता है।

उत्तरी इराक के अर्ध-स्वायत्त कुर्द क्षेत्र में स्थित ‘कुर्दिस्तान फ्रीडम पार्टी’ (पीएके) के अधिकारी खलील नादिरी ने बुधवार को कहा कि उनकी कुछ लड़ाके सुलेमानीया प्रांत में ईरानी सीमा के पास के इलाकों में चले गए हैं और उन्हें तैयार रखा गया है।

उन्होंने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों ने संभावित अभियान को लेकर कुर्द विपक्षी समूहों के नेताओं से संपर्क किया है, हालांकि उन्होंने इस बारे में और कोई जानकारी नहीं दी।

अमेरिका और इस्राइल द्वारा शनिवार को ईरान पर हमला किए जाने से पहले, पीएके ने तेहरान द्वारा प्रदर्शनों पर की गई हिंसक कार्रवाई के प्रतिशोध में अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड पर हमलों का दावा किया था। हालांकि, समूह के एक अधिकारी ने कहा कि उसने इराक से ईरान में बल नहीं भेजे हैं।

यदि ईरानी और इराकी कुर्द समूह युद्ध में शामिल होते हैं तो यह इस लड़ाई में पहली बार किसी बड़े जमीनी बल का प्रवेश होगा। कुर्द समूहों को इस्लामिक स्टेट समूह के खिलाफ लड़ाई का अनुभव है।

कुर्द ईरानी समूहों में से एक अन्य समूह कोमाला के एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि उनके बल एक सप्ताह से 10 दिन के भीतर सीमा पार करने के लिए तैयार हैं और वे ‘‘परिस्थितियां अनुकूल होने का इंतजार कर रहे हैं।’’

एपी सिम्मी मनीषा

मनीषा