अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में भारतीय नागरिक हरमनवीर सिंह गिरफ्तार

Ads

अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में भारतीय नागरिक हरमनवीर सिंह गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 09:03 AM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 09:03 AM IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 23 जुलाई (भाषा) अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने कनाडा से संचालित रविंदर ढांडा गिरोह के लिए मादक पदार्थों की तस्करी में कथित भूमिका को लेकर भारतीय नागरिक हरमनवीर सिंह को गिरफ्तार किया है।

एफबीआई ने बुधवार को बताया कि कैलिफोर्निया राजमार्ग गश्ती दल के अधिकारियों ने सिंह को मंगलवार को कैलिफोर्निया के स्टॉकटन से गिरफ्तार किया।

एफबीआई ने यह कार्रवाई लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया और रविंदर ढांडा के गिरोहों को निशाना बनाकर चलाए गए समन्वित अंतरराष्ट्रीय अभियान ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत की।

जांच एजेंसी ने कहा कि सिंह एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन में कथित संलिप्तता के लिए वांछित था। इस संगठन पर नियंत्रित मादक पदार्थों को वितरित करने एवं वितरण के इरादे से उनके भंडारण की साजिश करने तथा उनका निर्यात करने का षड्यंत्र रचने का आरोप है।

उसने बताया कि रविंदर ढांडा संगठित अपराध समूह कनाडा के वैंकूवर से संचालित होता है और उस पर अमेरिका, कनाडा एवं मेक्सिको में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले संगठनों के लिए बड़ी मात्रा में कोकीन और मेथामफेटामाइन की तस्करी करने का आरोप है।

सिंह के खिलाफ नियंत्रित मादक पदार्थों को वितरित करने और वितरण के इरादे से उनके भंडारण की साजिश करने, उनका निर्यात करने का षड्यंत्र रचने तथा वितरण के इरादे से उन्हें रखने के आरोप में 23 जून 2026 को कैलिफोर्निया के लॉस एंजिलिस स्थित अमेरिकी जिला अदालत के ‘सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया’ ने संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

इस महीने की शुरुआत में अमेरिका, कनाडा और यूरोप की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने एक संयुक्त अभियान चलाकर भारत से जुड़े तीन अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध समूहों से जुड़े 24 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें 11 लोगों को कैलिफोर्निया से गिरफ्तार किया गया था। इन समूहों पर कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।

अमेरिका के न्याय विभाग ने ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत अभियोग में कुल 37 लोगों को आरोपी बनाया है।

भाषा सिम्मी गोला

गोला