ब्रिटेन में हिंदू घृणा की घटनाओं की निगरानी के लिए नये मंच की शुरुआत की

Ads

ब्रिटेन में हिंदू घृणा की घटनाओं की निगरानी के लिए नये मंच की शुरुआत की

  •  
  • Publish Date - May 21, 2026 / 09:29 PM IST,
    Updated On - May 21, 2026 / 09:29 PM IST

(अदिति खन्ना)

लंदन, 21 मई (भाषा) ब्रिटेन में हिंदुओं के खिलाफ होने वाले घृणा अपराधों के दस्तावेजीकरण में सहायता के लिए एक नया मंच शुरू किया गया है।

यह कदम धार्मिक आधार पर होने वाले घृणा अपराधों में वृद्धि की चिंताओं को दूर करने के प्रयासों के तहत उठाया गया है।

एंटी-हिंदू हेट मॉनिटर (एएचएचएम) को लंदन स्थित इंटरनेशनल सेंटर फॉर सस्टेनेबिलिटी (आईसीएफएस) के फ्यूचर ऑफ फेथ डेस्क के अंतर्गत एक कार्यरत परियोजना के रूप में वर्णित किया गया।

विचार मंच ने कहा कि इस सप्ताह शुरू किए गए नए ऑनलाइन मंच द्वारा एकत्र किए गए डेटा का उपयोग ब्रिटेन के गृह मंत्रालय, कानून प्रवर्तन एजेंसियों, स्थानीय अधिकारियों और अन्य संबंधित हितधारकों के साथ संवाद स्थापित करने के लिए किया जाएगा।

आईसीएफएस ने कहा, ‘‘इस मंच का उद्देश्य हिंदू समुदाय के भीतर एक सामूहिक आवाज का समर्थन करना है, जिससे यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि इन मुद्दों का सामना अलग-थलग तरीके से न किया जाए।’’

यह पहल पिछले साल समूह द्वारा प्रकाशित ‘ब्रिटेन में हिंदुओं के प्रति घृणा और भेदभाव की धारणाओं की जांच’ नामक रिपोर्ट पर आधारित है। इसमें ब्रिटेन के हिंदू समुदाय के खिलाफ निर्देशित घृणा अपराधों और भेदभाव से निपटने के लिए व्यवस्थित दृष्टिकोण में एक कमी को रेखांकित किया गया था।

लंदन विधायिका सदस्य कृपेश हिरानी ने कहा, ‘‘फिलहाल, इन घृणा अपराधों की रिपोर्ट करने का कोई तरीका नहीं है। मैंने कुछ साल पहले सिटी हॉल में पहली बार यह मुद्दा उठाया था और यह बहुत अच्छी बात है कि समुदाय एक साथ आया है और इस पर काम शुरू हुआ है। वह उत्तर पश्चिम लंदन के ब्रेंट और हैरो निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जहां शहर का सबसे बड़ा हिंदू समुदाय रहता है।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा अगला काम यह सुनिश्चित करना है कि दर्ज किए जा रहे और निगरानी किए जा रहे आंकड़ों को मेट्रोपॉलिटन पुलिस द्वारा मान्यता दी जाए।’’

हिरानी ने समुदाय से नए ऑनलाइन मंच का उपयोग करने का आह्वान किया।

भाषा धीरज नरेश

नरेश