लीबिया के दरना शहर को किया गया सील, 10 हजार लापता लोगों की तलाश में जुटे बचावकर्मी
लीबिया के दरना शहर को किया गया सील, 10 हजार लापता लोगों की तलाश में जुटे बचावकर्मी
डर्ना (लीबिया), 15 सितंबर (एपी) लीबिया के अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित शहर डर्ना को शुक्रवार को सील कर दिया ताकि बचाव टीम कीचड़ और जमींदोज इमारतों के मलबे से उन 10 हजार लोगों को खोज पाएं, जिनके लापता होने या मारे जाने की आशंका है।
इस बीच, बाढ़ के चलते मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हजार से ज्यादा हो गई है। अधिकारियों ने मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।
सोमवार तड़के भूमध्यसागर से उठे तूफान ‘डेनियल’ के कारण हुई मूसलाधार बारिश के चलते डर्ना में दो बांध ढह गए थे।
पूर्वी लीबिया में एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवा के महानिदेशक सलाम अल-फरगनी ने बृहस्पतिवार देर रात घोषणा की कि आपातकालीन कर्मचारियों को उनका काम करने देने के लिए, निवासियों को शहर से निकाला जा रहा है और केवल खोज व बचाव टीमों को ही प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी।
लीबियाई रेड क्रिसेंट ने कहा कि बृहस्पतिवार तक डर्ना में 11,300 लोग मारे गए हैं और अन्य 10,100 लोग लापता बताए गए हैं। तूफान के चलते देश के अन्य हिस्सों में भी लगभग 170 लोगों की मौत हो गयी।
अधिकारियों ने कहा है कि लीबिया की राजनीतिक अराजकता के चलते ज्यादा लोगों की जान गई है।
संयुक्त राष्ट्र की एक अधिकारी लोरी हाइबर गिरार्डेट ने बृहस्पतिवार को एसोसिएटेड प्रेस से कहा, “सरकारी संस्थान उस तरह से काम नहीं कर रहे हैं जिस तरह उन्हें करना चाहिए।”
एपी जोहेब नरेश
नरेश

Facebook


