शंघाई सहयोग संगठन के राष्ट्रीय समन्वयकों की बैठक पाकिस्तान में हुई शुरू; भारत भी शामिल

शंघाई सहयोग संगठन के राष्ट्रीय समन्वयकों की बैठक पाकिस्तान में हुई शुरू; भारत भी शामिल

शंघाई सहयोग संगठन के राष्ट्रीय समन्वयकों की बैठक पाकिस्तान में हुई शुरू; भारत भी शामिल
Modified Date: September 28, 2026 / 09:20 pm IST
Published Date: September 28, 2026 9:20 pm IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 28 सितंबर (भाषा) शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के राष्ट्राध्यक्ष परिषद के अगले साल होने वाले शिखर सम्मेलन की तैयारी के लिए सोमवार को इस्लामाबाद में संगठन के राष्ट्रीय समन्वयकों की तीन दिवसीय बैठक शुरू हुई, जिसमें भारत भी भाग ले रहा है।

एससीओ के सदस्य देशों में रूस, भारत, ईरान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस और चीन शामिल हैं।

एससीओ के अहम सदस्य भारत के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व इसके राष्ट्रीय समन्वयक आलोक डिमरी कर रहे हैं।

पाकिस्तान के राष्ट्रीय समन्वयक मोहम्मद फैसल बैठक में चर्चा सत्र की अध्यक्षता कर रहे हैं। इसका मकसद अगस्त 2027 में इस्लामाबाद में होने वाले एससीओ राष्ट्राध्यक्षों के शिखर सम्मेलन के लिए सहयोग, तालमेल और तैयारियों को सुदृढ़ करना है।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल बैठक के लिए इस्लामाबाद गया है। पिछले साल दोनों देशों के बीच हुई संक्षिप्त झड़प के बाद यह इस तरह की पहली यात्रा है।

पूर्व में, पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने एक बयान में कहा था कि 28 से 30 सितंबर तक होने वाली बैठक में ‘‘एससीओ सहयोग और तालमेल से जुड़े कई मुद्दों’’ पर चर्चा होगी। इसमें ‘‘पाकिस्तान की अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा’’, एससीओ की आगामी बैठकों और कार्यक्रमों की तैयारी, और संगठन के एजेंडे में शामिल अन्य मुद्दे शामिल होंगे।

विदेश कार्यालय के अनुसार, पाकिस्तान, जिसके पास 2026-27 के लिए एससीओ के राष्ट्राध्यक्षों की परिषद की अध्यक्षता है, ‘‘दृष्टिकोण को कार्रवाई में बदलना: कनेक्टिविटी, नवाचार और साझा समृद्धि” थीम के तहत संगठन के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा।

बयान के अनुसार, यह बैठक पाकिस्तान की अध्यक्षता के दौरान होने वाली विभिन्न उच्च-स्तरीय बैठकों की तैयारियों में योगदान देगी, जिसमें अगस्त 2027 में होने वाली एससीओ राष्ट्राध्यक्ष परिषद की बैठक भी शामिल है।

भाषा सुभाष दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में