एआई पर बहस के बीच मेलानिया ट्रंप ने प्रौद्योगिकी को बढ़ावा दिया

एआई पर बहस के बीच मेलानिया ट्रंप ने प्रौद्योगिकी को बढ़ावा दिया

एआई पर बहस के बीच मेलानिया ट्रंप ने प्रौद्योगिकी को बढ़ावा दिया
Modified Date: September 16, 2026 / 12:28 pm IST
Published Date: September 16, 2026 12:28 pm IST

जेफरसन (अमेरिका), 16 सितंबर (एपी) अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने उत्तर-पश्चिमी नॉर्थ कैरोलाइना के एक प्राथमिक विद्यालय का दौरा किया और कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में अमेरिका को नेतृत्व करना चाहिए।

उन्होंने मंगलवार को माउंटेन व्यू एलीमेंट्री स्कूल में छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों से कक्षा में प्रौद्योगिकी तथा एआई के इस्तेमाल को लेकर बातचीत की। ग्रामीण क्षेत्र जेफरसन स्थित इस स्कूल में एआई, रोबोटिक्स और इंजीनियरिंग के इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया जाता है।

मेलानिया का यह दौरा ऐसे समय हुआ जब तकनीक और राजनीति से जुड़े लोग एआई के नियमन को लेकर बहस कर रहे हैं। कई प्रमुख तकनीकी विशेषज्ञ एआई के संभावित खतरों को लेकर चेतावनी देते हुए अधिक निगरानी की मांग कर रहे हैं, जबकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को एआई पर अधिक पाबंदियों की जरूरत के विचार को खारिज करते हुए इसे ‘‘छलावा’’ बताया था।

कई अभिभावकों ने भी स्कूलों में टैबलेट और यूट्यूब जैसी साइटों की व्यापक पहुंच को लेकर चिंता जताई है, खासकर कम उम्र के बच्चों की कक्षाओं में।

एआई की संभावनाओं और इससे जुड़े बढ़ते खतरों को लेकर पूछे गए सवाल पर मेलानिया ने कहा कि अमेरिका को वैश्विक नेतृत्व बनाए रखने के लिए छात्रों का एआई सीखना जरूरी है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उन्हें यह सीखना होगा कि हमें नेतृत्व करना है। बेशक, उन्हें सतर्क भी रहना होगा। लेकिन यही हमारा भविष्य है। हमें उनका मार्गदर्शन करना होगा और उन्हें उपलब्ध चीजों के बारे में सिखाना होगा। अगर ऐसा नहीं किया गया तो वे पीछे रह जाएंगे। अमेरिका को इस क्षेत्र में सबसे आगे रहना होगा।’’

एपी मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में