मस्क ने ट्विटर अधिग्रहण से पहले किए गए ट्वीट को लेकर अपना बचाव किया

Ads

मस्क ने ट्विटर अधिग्रहण से पहले किए गए ट्वीट को लेकर अपना बचाव किया

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 12:21 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 12:21 PM IST

सैन फ्रांसिस्को, छह मार्च (भाषा) दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क ने 2022 में ट्विटर को खरीदे जाने से पहले किए गए अपने ट्वीट संबंधी मामले में अदालत में बृहस्पतिवार को अपना बचाव किया।

मस्क पर आरोप है कि उन्होंने ट्विटर (अब ‘एक्स’) को खरीदने के पूर्व के महीनों में अपने कुछ ट्वीट से निवेशकों को गुमराह किया और उन्हें लाखों डॉलर का नुकसान पहुंचाया।

सैन फ्रांसिस्को में जारी यह दीवानी मुकदमा मस्क के अक्टूबर 2022 में ट्विटर का नियंत्रण संभालने से ठीक पहले दायर किया गया था। ट्विटर एक सोशल मीडिया मंच है, मस्क ने जिसका नाम बदलकर ‘एक्स’ कर दिया है। उन्होंने इस कंपनी को 44 अरब अमेरिकी डॉलर या 54.20 अमेरिकी डॉलर प्रति शेयर में खरीदने पर सहमति जताने के छह महीने बाद इसका नियंत्रण संभाला था।

यह मामला 13 मई से चार अक्टूबर 2022 के बीच अपने शेयर बेचने वाले ट्विटर के शेयरधारकों का प्रतिनिधित्व करता है। यह इन आरोपों पर केंद्रित है कि मस्क ने कंपनी के शेयर मूल्य को नीचे लाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कई कदम उठाते हुए संघीय प्रतिभूति कानूनों का उल्लंघन किया। आरोप है कि ऐसा उन्होंने या तो इस सौदे को प्रभावित करने या फिर कम बिक्री मूल्य पर मोलभाव करने के प्रयास में किया।

इस मामले में ट्विटर पर फर्जी खातों की संख्या को लेकर मस्क के दावे संबंधी ट्वीट पर भी सवाल उठाए गए हैं।

मस्क, मामले में दूसरे दिन गवाही देते समय अपने इस दावे पर कायम रहे कि ट्विटर पर फर्जी और स्पैम खातों की संख्या, नियामक दस्तावेजों में बताई गई पांच प्रतिशत की संख्या से कहीं अधिक थी।

एपी सिम्मी वैभव

वैभव