नेपाल ने भारतीय चिकित्सकों के अनधिकृत रूप से आईवीएफ शिविर आयोजित करने पर रोक लगाई

Ads

नेपाल ने भारतीय चिकित्सकों के अनधिकृत रूप से आईवीएफ शिविर आयोजित करने पर रोक लगाई

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 07:07 PM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 07:07 PM IST

काठमांडू, 17 अप्रैल (भाषा) नेपाल सरकार ने दो भारतीय चिकित्सकों को काठमांडू के एक होटल में ‘इन विट्रो फर्टिलाइजेशन’ (आईवीएफ) परामर्श शिविर आयोजित करने से रोक दिया है। नेपाल के चिकित्सा नियामक निकाय के एक शीर्ष अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

नियामक निकाय ‘नेपाल मेडिकल काउंसिल’ (एनएमसी) ने बृहस्पतिवार को यह कदम तब उठाया जब यह पाया गया कि दोनों चिकित्सकों ने चिकित्सा शिविर के लिए उससे कोई अनुमति नहीं ली थी।

एनएमसी के रजिस्ट्रार डॉ. सतीश कुमार देव ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमने भारतीय चिकित्सकों को हमारी अनुमति के बिना स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने से रोकने के लिए जिला प्रशासन कार्यालय से भी सहायता मांगी थी।’’

देव ने कहा, ‘‘विदेशी चिकित्सकों को नेपाल में किसी भी स्वास्थ्य शिविर या सेवा का संचालन करने से पहले अपनी चिकित्सा संबंधी डिग्री परिषद में पंजीकृत करानी होती है और सेवा के लिए अनुमोदन लेना होता है।’’

उन्होंने कहा कि चिकित्सकों ने उचित प्रक्रिया का पालन नहीं किया।

भाषा संतोष सुरेश

सुरेश