नेपाल मंत्रिपरिषद ने भारत समेत 13 देशों के लिए राजदूतों की सिफारिश की
नेपाल मंत्रिपरिषद ने भारत समेत 13 देशों के लिए राजदूतों की सिफारिश की
(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 18 सितंबर (भाषा) नेपाल की मंत्रिपरिषद ने शुक्रवार को भारत, चीन, अमेरिका और ब्रिटेन सहित 13 देशों के लिए राजदूतों की नियुक्ति की सिफारिश की, ताकि कुछ समय से खाली पड़े कई पदों को भरा जा सके।
विदेश मंत्री शिशिर खनाल के सचिवालय के अनुसार, ये सिफारिशें प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक में की गईं।
निश्चल नाथ पांडे को भारत में नेपाल का राजदूत नियुक्त करने की सिफारिश की गई है, जबकि कल्याण राज शर्मा, चिरंजीव थापा और नेपाल की सेना के पूर्व प्रमुख गौरव शमशेर राणा को क्रमश: चीन, अमेरिका और ब्रिटेन में राजदूत के लिए प्रस्तावित किया गया है।
पांडे वर्तमान में काठमांडू स्थित विचार समूह ‘सेंटर फॉर साउथ एशियन स्टडीज’ के निदेशक हैं। पांडे ने इससे पहले नेपाल के विदेश मंत्रालय के तहत ‘इंटरनेशनल अफेयर्स स्टडी एकेडमी’ के कार्यकारी निदेशक के रूप में आठ साल तक सेवाएं दी हैं।
पांडे ने त्रिभुवन विश्वविद्यालय से एलएलबी और राजनीति विज्ञान में पीएचडी की है। वह बेंगलुरु स्थित ‘नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज’ में मानद एसोसिएट प्रोफेसर भी हैं।
शुक्रवार को हुई बैठक में जापान, इजराइल, स्पेन, जर्मनी, ओमान, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, श्रीलंका और सऊदी अरब के लिए नेपाल के राजदूतों के नामों की भी सिफारिश की गई।
इन नामों को मंजूरी के लिए पहले संसदीय सुनवाई समिति के पास भेजा जाएगा। इसके बाद सरकार संबंधित देशों से उनकी सहमति मांगेगी। जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद नेपाल के राष्ट्रपति औपचारिक रूप से राजदूतों की नियुक्ति करेंगे।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप

Facebook


