(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, सात अप्रैल (भाषा) नेपाल ने भारत समेत छह देशों से अपने राजदूत वापस बुला लिए हैं, जिन्हें केपी शर्मा ओली के नेतृत्व वाली पिछली सरकार के कार्यकाल में नियुक्त किया गया था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लोक बहादुर छेत्री ने बताया कि सरकार ने एक मंत्रिमंडल फैसले के माध्यम से भारत, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, डेनमार्क, दक्षिण कोरिया और दक्षिण अफ्रीका में कार्यरत राजदूतों को वापस बुला लिया है।
छेत्री के मुताबिक, जिन राजदूतों को वापस बुलाया गया है, उनमें शंकर प्रसाद शर्मा (भारत), चित्रलेखा यादव (ऑस्ट्रेलिया), सुमनिमा तुलाधर (डेनमार्क), पूर्ण बहादुर नेपाली (श्रीलंका), शिवमाया तुम्बाहम्फे (दक्षिण कोरिया) और कपिलमान श्रेष्ठ (दक्षिण अफ्रीका) शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि छह देशों में तैनात राजदूतों को सोमवार को पत्र जारी कर एक महीने के भीतर लौटने का निर्देश दिया गया है।
इससे पहले, अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की के नेतृत्व वाली कार्यवाहक सरकार ने ओली प्रशासन की ओर से राजनीतिक कोटे के तहत नियुक्त किए गए 17 राजदूतों में से 11 को वापस बुला लिया था।
रैपर से नेता बने बालेंद्र शाह ने ‘जेन जेड’ समूह के नेतृत्व में हुए विरोध-प्रदर्शनों के दौरान ओली सरकार के पतन के लगभग छह महीने बाद मार्च 2026 में नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
भाषा पारुल पवनेश
पवनेश