नियमों के उल्लंघन के मद्देनजर नेपाल ने सीमावर्ती कस्बों में भारतीय वाहनों की जांच कड़ी की

Ads

नियमों के उल्लंघन के मद्देनजर नेपाल ने सीमावर्ती कस्बों में भारतीय वाहनों की जांच कड़ी की

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 11:21 PM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 11:21 PM IST

काठमांडू, 17 अप्रैल (भाषा) विदेशी वाहनों द्वारा सीमा शुल्क नियमों के उल्लंघन में कथित वृद्धि के मद्देनजर दक्षिणी नेपाल के अधिकारियों ने सीमावर्ती कस्बों में भारतीय पंजीकरण वाले वाहनों के प्रवेश पर कड़ी निगरानी शुरू की है।

अधिकारियों ने कहा कि भारतीय वाहनों के अनधिकृत प्रवेश में हाल ही में हुई वृद्धि के कारण कड़ी निगरानी आवश्यक है क्योंकि सुरक्षा, कर चोरी और अन्य अवैध गतिविधियों को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

सरलाही जिले के सहायक मुख्य जिला अधिकारी होम प्रसाद घिमिरे ने कहा, ‘‘हमने कोई नया नियम लागू नहीं किया है। नियम पहले से मौजूद हैं, लेकिन नेपाल के सीमावर्ती कस्बों में विदेशी वाहनों के अनधिकृत प्रवेश की बढ़ती संख्या के कारण पिछले सप्ताह से निगरानी को कड़ा कर दिया गया है।’’

उन्होंने कहा कि नेपाल में आवागमन के लिए भारतीय पंजीकृत वाहनों का पंजीकरण कराना और निर्धारित शुल्क का भुगतान करना अनिवार्य है।

घिमिरे ने कहा, ‘‘हमारी चिंता सीमा पार से वाहनों के अनधिकृत प्रवेश के कारण अवैध गतिविधियों में वृद्धि होना है।’’

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल