पेशावर, 17 अगस्त (भाषा) पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में तीन अलग-अलग बारूदी सुरंग विस्फोटों में नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, ये तीनों विस्फोट रविवार को कुर्रम जिले के दूरदराज वाले डैंडर सहारा इलाके में हुए।
पहले हादसे में हामिद हुसैन नाम का एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने अपने दोनों पैर गंवा दिए। उसी इलाके में शाम के समय हुए दूसरे बारूदी सुरंग विस्फोट में दो अन्य लोग घायल हो गए।
वहीं, तीसरे विस्फोट में छह लोग घायल हुए।
पुलिस ने बताया कि इन घटनाओं ने क्षेत्र में अनुपयोगी या बिन फटे गोला-बारूद और बारूदी सुरंगों की मौजूदगी को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।
बिन फटे गोला-बारूद से तात्पर्य ऐसे बम, गोलियों या विस्फोटकों से है जो दागे या बिछाए जाने के बाद भी फटे नहीं होते और बाद में किसी के संपर्क में आने पर अचानक फट जाते हैं।
पिछले एक सप्ताह के दौरान कुर्रम के विभिन्न हिस्सों में बारूदी सुरंग और मोर्टार के गोलों के फटने की कई घटनाएं सामने आई हैं।
इन ताजा घटनाओं से स्थानीय निवासियों के बीच भारी चिंता फैल गई है। उन्होंने प्रशासन से आगे होने वाले नुकसान को रोकने के लिए आबादी वाले इलाकों से बारूदी सुरंगों और अन्य अनुपयोगी या बिन फटे गोला-बारूद विस्फोटकों की पहचान करने तथा उन्हें निष्क्रिय करने के लिए तुरंत अभियान चलाने का आग्रह किया है।
भाषा सुमित मनीषा
मनीषा