मुंबई, 17 अगस्त (भाषा) अपनी दिल्ली यात्रा के बाद राष्ट्रीय राजनीति में जाने की अटकलों को खारिज करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि उनका यह दौरा राज्य की विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए है।
फडणवीस ने राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के बाद पत्रकारों से कहा कि महाराष्ट्र की जनता और केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें राज्य की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे वह आगे भी निभाते रहेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘चाहे मैं दिल्ली में रहूं या मुंबई में, लोग तरह-तरह की अटकलें लगाते रहते हैं। मुझे लगता है कि कई लोगों के पास करने को कुछ और नहीं है, इसलिए उन्हें मेरे बारे में चर्चा करने में मजा आता है। उन्हें मजा लेने दीजिए।’’
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता और प्रधानंमत्री मोदी ने उन्हें राज्य की ज़िम्मेदारी सौंपी है तथा वह राज्य की सेवा करते रहेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नयी राष्ट्रीय टीम के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा, ‘‘सच कहूं तो मैंने अभी तक सूची नहीं देखी है। आप जानते हैं कि मैं अभी-अभी एक बैठक से निकला हूं। लेकिन अगर टीम की घोषणा हो गई है और उसमें महाराष्ट्र से कोई शामिल है, तो हमें खुशी है। मैं पूरी सूची को एक बार देखूंगा और फिर उस पर बात करूंगा।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह केंद्र के साथ महाराष्ट्र की कई परियोजनाओं—जिनमें अवसंरचना, औद्योगिक विकास और लंबित मंजूरियां शामिल हैं—पर चर्चा करने के लिए दिल्ली आए हैं।
जब उनसे पूछा गया कि उन्हें दिल्ली भेजे जाने की अटकलों के पीछे कौन है, तो उन्होंने कहा, ‘‘बहुत से लोगों को लगता है कि मुझे दिल्ली जाना चाहिए। मैं सभी से कहता हूं कि मैं मुंबई में ही हूं।’’
भाषा
राजकुमार अविनाश
अविनाश
अविनाश