ईरान और भारत के बीच व्यापार पर कोई बातचीत नहीं हो रही है : मोदी-पेजेश्कियन मुलाकात पर रुबियो

Ads

ईरान और भारत के बीच व्यापार पर कोई बातचीत नहीं हो रही है : मोदी-पेजेश्कियन मुलाकात पर रुबियो

  •  
  • Publish Date - September 3, 2026 / 12:59 AM IST,
    Updated On - September 3, 2026 / 12:59 AM IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, दो सितंबर (भाषा) अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बुधवार को कहा कि उन्हें नहीं लगता कि भारत और ईरान किसी व्यापार समझौते को लेकर बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देश ईरान की सरकार के साथ बातचीत करते हैं।

रुबियो की यह टिप्पणी ‘फॉक्स न्यूज रेडियो’ के ‘द ब्रायन किलमीड शो’ में एक साक्षात्कार के दौरान आई। रुबियो से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के बीच बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन से इतर हुई मुलाकात के बारे में सवाल पूछा गया था।

कार्यक्रम के प्रस्तोता ब्रायन किलमीड की इस टिप्पणी पर कि मोदी और पेजेश्कियन व्यापार समझौते की दिशा में आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं, रुबियो ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि भारत और ईरान के बीच किसी व्यापार समझौता को लेकर बातचीत हो रही है। जाहिर तौर पर सभी देश अपनी-अपनी विदेश नीति बनाते हैं और दुनिया के कई देश ईरान की सरकार के साथ बातचीत करते हैं।’’

अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी देश को ईरान को प्रतिबंधों से बचने में मदद नहीं करनी चाहिए।

भाषा शफीक रंजन

रंजन