जितिन प्रसाद ने जी20 नवाचार मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लिया

Ads

जितिन प्रसाद ने जी20 नवाचार मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लिया

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 11:04 PM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 11:04 PM IST

वॉशिंगटन, दो सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि भारत ऐसे माहौल को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां नवाचार समावेशी विकास और साझा समृद्धि को गति दे सके।

केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने मंगलवार को अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना स्थित चैपल हिल में आयोजित जी20 नवाचार मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने नवाचार को बढ़ावा देने और तकनीकी प्रगति को समर्थन देने वाले सक्षम नीतिगत ढांचे के महत्व पर भारत का दृष्टिकोण साझा किया।

प्रसाद ने नवाचार समर्थक नीतिगत ढांचे, अवसर और समृद्धि के लिए प्रौद्योगिकी तथा कुशल तकनीकी कार्यबल के विकास से संबंधित सत्रों में भाग लिया।

मंत्री ने कहा, ‘मैंने नवाचार को बढ़ावा देने, तकनीकी प्रगति का समर्थन करने और ऐसा माहौल तैयार करने के लिए सक्षम नीतिगत ढांचे के महत्व पर भारत का दृष्टिकोण साझा किया, जहां कुशल कार्यबल के विकास के माध्यम से नए विचारों को अवसरों में बदला जा सके।’

प्रसाद ने फ्रांस के मंत्री के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डिजिटल प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।

भाषा तान्या रंजन

रंजन