उत्तर कोरिया ने समुद्र की ओर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं
उत्तर कोरिया ने समुद्र की ओर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं
सियोल, 19 अप्रैल (एपी) उत्तर कोरिया ने इस साल एक और हथियार परीक्षण करते हुए रविवार को समुद्र की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। दक्षिण कोरिया और जापान ने यह जानकारी दी।
दक्षिण कोरिया के ‘ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ (जेसीएस) ने बताया कि ये प्रक्षेपण सुबह उत्तर कोरिया के पूर्वी सिनपो क्षेत्र से किए गए।
जेसीएस ने बताया कि दक्षिण कोरिया ने अपनी निगरानी व्यवस्था मजबूत की है और वह अमेरिका तथा जापान के साथ सूचनाओं का निकटता से आदान-प्रदान कर रहा है।
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि उसकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एनएससी) ने इन प्रक्षेपणों पर चर्चा के लिए आपात बैठक बुलाने की योजना बनाई है।
जापान के रक्षा मंत्रालय ने भी इन प्रक्षेपणों का पता लगने की पुष्टि की।
मंत्रालय ने कहा कि ऐसा माना जा रहा है कि ये हथियार उत्तर कोरिया के पूर्वी तट के पास समुद्री क्षेत्र में गिरे। उसने कहा कि जापान ने उत्तर कोरिया के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
मंत्रालय ने कहा कि ये प्रक्षेपण क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय शांति के लिए खतरा हैं तथा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के उन प्रस्तावों का उल्लंघन करते हैं जिनके तहत उत्तर कोरिया की किसी भी बैलिस्टिक गतिविधि पर रोक है।
उत्तर कोरिया ने पिछले सप्ताह कहा था कि उसके नेता किम जोंग उन ने देश के विध्वंसक युद्धपोत से मिसाइल परीक्षणों की निगरानी की। इस परीक्षण के बाद किम ने कहा था कि उनकी सरकार का ध्यान अपने परमाणु बलों के ‘‘असीमित विस्तार’’ पर केंद्रित है।
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने भी पिछले सप्ताह कहा था कि उनकी एजेंसी ने उत्तर कोरिया के परमाणु केंद्रों में गतिविधियों में ‘‘तेज बढ़ोतरी’’ की पुष्टि की है।
एपी
सिम्मी सुरभि
सुरभि

Facebook


