उत्तर कोरिया के नेता किम ने अपनी बेटी के साथ रॉकेट प्रक्षेपण प्रणालियों का परीक्षण देखा

Ads

उत्तर कोरिया के नेता किम ने अपनी बेटी के साथ रॉकेट प्रक्षेपण प्रणालियों का परीक्षण देखा

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 08:29 AM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 08:29 AM IST

सियोल, 15 मार्च (एपी) उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने अपनी बेटी के साथ बहु रॉकेट प्रक्षेपण प्रणालियों के परीक्षण का निरीक्षण किया। सरकारी मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी।

इसे अमेरिका और दक्षिण कोरिया के जारी सैन्य प्रशिक्षण के संभावित जवाब के रूप में देखा जा रहा है।

उत्तर कोरिया ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के संयुक्त सैन्य अभ्यासों का जवाब देने की हाल में धमकी दी थी। अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच ‘फ्रीडम शील्ड’ सैन्य अभ्यास जारी है। दोनों देश के संयुक्त सैन्य अभ्यासों को उत्तर कोरिया अपने ऊपर आक्रमण की तैयारी बताता रहा है।

सरकारी ‘कोरियाई सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (केसीएनए) ने बताया कि किम ने शनिवार को उत्तर कोरिया के पूर्वी तट के पास 12 अति-सटीक 600 मिमी कैलिबर के रॉकेट प्रक्षेपकों के परीक्षण को देखा।

दक्षिण कोरिया की सेना ने शनिवार को जानकारी दी थी कि उत्तर कोरिया ने शनिवार को पूर्वी सागर की ओर लगभग 10 बैलिस्टिक मिसाइल दागीं।

दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने इन प्रक्षेपणों को ऐसा उकसावे वाला कदम बताया जो उत्तर कोरिया की किसी भी बैलिस्टिक गतिविधि पर रोक लगाने संबंधी संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का उल्लंघन करता है।

केसीएनए ने किम के हवाले से कहा कि यह अभ्यास 420 किलोमीटर (260 मील) की मारक क्षमता के भीतर आने वाले दुश्मनों को ‘‘बेचैन’’ कर देगा और उन्हें हमारे ‘‘सामरिक परमाणु हथियार की विनाशकारी शक्ति अच्छे से समझ’’ आ जाएगी।

उनका इशारा संभवतः दक्षिण कोरिया और दक्षिण कोरिया में तैनात अमेरिकी सैनिकों की ओर था।

केसीएनए के अनुसार, किम ने कहा, ‘‘अगर इस हथियार का इस्तेमाल किया जाता है, तो इसकी मारक क्षमता के दायरे में आने वाला प्रतिद्वंद्वी का सैन्य बुनियादी ढांचा किसी भी तरह बच नहीं सकता।’’

केसीएनए की तस्वीरों में किम और उनकी बेटी विशाल जैतूनी-हरे रंग के प्रक्षेपण ट्रकों के पास चलते हुए और उनसे दागे जा रहे हथियारों को देखते हुए नजर आ रहे हैं।

ऐसा बताया जाता है कि किम जोंग उन की बेटी किम जू ऐ की आयु लगभग 13 साल है और वह 2022 के अंत से ही सैन्य परेड और हथियार प्रक्षेपण सहित कई प्रमुख कार्यक्रमों में अपने पिता के साथ नजर आती रही हैं। दक्षिण कोरिया की जासूसी एजेंसी ने पिछले महीने अनुमान लगाया था कि किम जोंग उन अपनी बेटी को अपना उत्तराधिकारी नामित करने वाले हैं।

एपी सिम्मी सुरभि

सुरभि