होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी वाणिज्यिक पोत पर हमला, एक की मौत, चार घायल
होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी वाणिज्यिक पोत पर हमला, एक की मौत, चार घायल
काहिरा, 13 सितंबर (एपी) होर्मुज जलडमरूमध्य में क़ेश्म द्वीप के पास रविवार तड़के एक ईरानी वाणिज्यिक पोत को निशाना बनाया गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। ईरानी सरकारी मीडिया ने एक खबर में यह जानकारी दी।
सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ ने अपनी खबर में क़ेश्म के गवर्नर के हवाले से हमले के लिए एक ‘‘आतंकवादी दुश्मन’’ को जिम्मेदार ठहराया।
गवर्नर ने बताया कि हमले में जान गंवाने वाला व्यक्ति जहाज के 10 सदस्यीय चालक दल में शामिल था।
अधिकारी अभी यह पता नहीं लगा पाए हैं कि जहाज पर किस तरह का अस्त्र दागा गया।
वहीं ‘यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस’ ने भी इस बात की पुष्टि की कि जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक पोत को एक अस्त्र से निशाना बनाया गया। इसने कहा कि पोत में आग लग गई और स्थानीय अधिकारी उसमें सवार लोगों को बाहर निकाल रहे थे।
इस घटना पर अमेरिकी सेना की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई। अमेरिका ईरानी ध्वज वाले जहाजों पर हमले करता रहा है और ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी जारी रखे हुए है।
क़ेश्म द्वीप बंदरगाह शहर बंदर अब्बास से करीब 22 किलोमीटर दूर स्थित है और जलडमरूमध्य से गुजरने वाले समुद्री यातायात पर ईरान के नियंत्रण को स्थापित करने में इसकी अहम भूमिका है।
हमले से कुछ घंटे पहले भी ईरान की सरकार का रुख कड़ा बना हुआ था। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान ने अमेरिका पर लक्षित सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘हमारे लोगों को डराकर आत्मसमर्पण के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। ईरान आत्मसमर्पण नहीं करेगा।’’
एपी शोभना नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


