पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में पोलियो टीम पर हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत, चार घायल

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में पोलियो टीम पर हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत, चार घायल

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में पोलियो टीम पर हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत, चार घायल
Modified Date: April 13, 2026 / 03:37 pm IST
Published Date: April 13, 2026 3:37 pm IST

पेशावर, 13 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पोलियो टीकाकरण दल की सुरक्षा के लिए तैनात एक सुरक्षा दल पर अज्ञात आतंकवादियों की गोलीबारी में पुलिस के एक कांस्टेबल की मौत हो गई और चार अन्य कर्मी घायल हो गए। यह जानकारी अधिकारियों ने सोमवार को दी।

यह घटना हंगू जिले के थाल थानाक्षेत्र में चपरी वजीरान इलाके में प्रांत में पोलियो रोधी अभियान के पहले दिन घटी।

जिला पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, हमलावरों ने पुलिस दल पर गोलीबारी की, जिसमें एक कांस्टेबल की मौत हो गई और थाल के अतिरिक्त थाना प्रभारी सहित चार अन्य घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों में से तीन हंगू स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय से संबद्ध हैं।

कोहाट के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) इरफान तारिक ने बताया कि पुलिस दल ने जवाबी कार्रवाई की और गोलीबारी में दो आतंकवादी मारे गए। उन्होंने कहा कि हालांकि, हमलावर अपने साथियों के शव घटनास्थल से ले गए।

घायल सुरक्षाकर्मियों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया।

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने हमले की निंदा करते हुए राष्ट्रीय कर्तव्य निभा रहे कर्मियों को निशाना बनाए जाने को ‘कायरतापूर्ण कृत्य’ बताया।

उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक से रिपोर्ट मांगी और अधिकारियों को घायलों के लिए सर्वोत्तम चिकित्सा उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अफरीदी ने कहा कि ऐसे हमलों से आतंकवाद से लड़ने का सरकार का संकल्प कमजोर नहीं होगा।

यह हमला सोमवार से प्रांत भर में शुरू होने वाले चार दिवसीय पोलियो रोधी अभियान के ठीक पहले हुआ। अधिकारियों ने बताया कि 35,000 से अधिक टीकाकरण टीम की सुरक्षा के लिए लगभग 50,000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।

भाषा अमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में