वेनेजुएला की आम माफी योजना के तहत रिहा होने वाले 1,557 कैदियों में विपक्षी कार्यकर्ता भी शामिल

Ads

वेनेजुएला की आम माफी योजना के तहत रिहा होने वाले 1,557 कैदियों में विपक्षी कार्यकर्ता भी शामिल

  •  
  • Publish Date - February 22, 2026 / 08:38 AM IST,
    Updated On - February 22, 2026 / 08:38 AM IST

काराकस, 22 फरवरी (एपी) वेनेजुएला में राजनीतिक कारणों से हिरासत में लिए गए कम से कम 1,557 लोगों ने इस सप्ताह पारित हुए माफी विधेयक के तहत अपने आवेदन जमा कर दिए हैं और उनके रिहा होने की उम्मीद है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

बृहस्पतिवार को पारित किए गए इस कदम से विपक्षी सदस्यों, कार्यकर्ताओं, मानवाधिकार रक्षकों, पत्रकारों और महीनों या वर्षों से हिरासत में रखे गए कई अन्य लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

इस विधेयक पर हस्ताक्षर के साथ ही राष्ट्रपति ने एक तरह से यह स्वीकार किया कि सरकार ने सैकड़ों लोगों को राजनीतिक कारणों से जेल में रखा हुआ है।

राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के इस कदम को बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है क्योंकि इससे पहले दक्षिण अमेरिकी देश के अधिकारी दशकों से किसी राजनीतिक कैदी को हिरासत में रखे जाने की बात से इनकार करते रहे हैं। यह पिछले महीने देश की राजधानी काराकस में तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के लिए अमेरिकी सेना की कार्रवाई के बाद नीति में आया नवीनतम बदलाव है।

‘नेशनल असेंबली’ के नेता जॉर्ज रोड्रिगेज ने शनिवार को कहा, ‘‘आज तक 1,152 नए आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिससे कुल आवेदनों की संख्या 1,557 हो गई है जिन पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है और इस समय माफी कानून से लाभान्वित होने वाले सैकड़ों कैदियों को रिहा किया जा रहा है।’’

एपी सुरभि सिम्मी

सिम्मी