नयी दिल्ली, पांच जुलाई (भाषा) असम के गुवाहाटी में छह जुलाई से ब्रिक्स देशों की मादक पदार्थ रोधी एजेंसियों के प्रमुखों की दो दिवसीय बैठक होगी।
सरकार ने रविवार को कहा कि इस बैठक का उद्देश्य खुफिया जानकारी साझा करने के साथ-साथ मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए अभियान और संस्थागत सहयोग को मजबूत करना है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाला स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) इस बैठक की मेजबानी करेगा।
आधिकारिक बयान के अनुसार, इसमें ब्रिक्स देशों की मादक पदार्थ रोधी एजेंसियों के प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
बयान में कहा गया कि यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब वैश्विक स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी का स्वरूप तेजी से बदल रहा है।
इसमें कहा गया कि सिंथेटिक ड्रग्स, नए मन: प्रभावी पदार्थ (एनपीएस), डार्कनेट के जरिए होने वाली तस्करी और क्रिप्टोकरंसी के माध्यम से होने वाले वित्तीय लेनदेन जैसी चुनौतियां कई देशों के लिए गंभीर समस्या बन गई हैं।
बयान में कहा गया कि बैठक का समापन संयुक्त घोषणा-पत्र को अपनाने के साथ होगा।
ब्रिक्स 11 प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्था वाले देशों का समूह है। इसमें ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं।
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल