Pakistan Afghanistan War: इस्लामाबाद/काबुल। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव अब खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है और दोनों देशों की सीमाओं पर जंग जैसे हालात बन गए हैं। ताजा रिपोर्टों के अनुसार सीमा क्षेत्र में हुई झड़पों और सैन्य कार्रवाई में अब तक दोनों पक्षों के लगभग 300 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 500 लोग घायल बताए जा रहे हैं। पाकिस्तान का दावा है कि उसकी जवाबी कार्रवाई में 274 अफगान लड़ाके मारे गए हैं। दोनों देशों की सेनाएं सीमा पर तैनात हैं और एक-दूसरे को कड़ी सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दे रही हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में अस्थिरता और बढ़ गई है।
Pakistan Afghanistan War: पाकिस्तान ने भारत पर लगाया आरोप
वहीं, मामला और भी पेचिदा इसलिए हो रहा है क्योंकि, पाकिस्तान ने आरोप लगाया है कि अफगानिस्तान से संचालित आतंकी हमलों के पीछे भारत का हाथ है। पाकिस्तान सरकार और सैन्य सूत्रों ने कहा है कि सीमा पार से होने वाली हिंसा में “बाहरी समर्थन” शामिल है, हालांकि भारत की ओर से इन आरोपों पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। दूसरी ओर अफगानिस्तान की ओर से भी पाकिस्तान पर सीमा उल्लंघन और हवाई हमलों के आरोप लगाए गए हैं, जिससे दोनों देशों के संबंध और अधिक तनावपूर्ण हो गए हैं।
Pakistan Afghanistan conflict: अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया भी सामने आई है
इस बीच अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी है। अमेरिका ने पाकिस्तान की अफगानिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का समर्थन जताया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बयान में कहा कि पाकिस्तान “आतंकवाद के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन” कर रहा है और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए उसकी कार्रवाई महत्वपूर्ण है। ट्रम्प के इस बयान के बाद क्षेत्रीय समीकरण और जटिल हो गए हैं तथा दक्षिण एशिया में बड़े संघर्ष की आशंका बढ़ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जल्द कूटनीतिक समाधान नहीं निकला तो यह तनाव व्यापक सैन्य टकराव में बदल सकता है।