afghanistan pakistan news/ image source: umashankarsingh X HANDLE
Pakistan and Afghanistan Tension: काबुल/इस्लामाबाद। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच भारत को लेकर लगाए गए आरोपों पर अब अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पाकिस्तान की सेना और सरकार द्वारा अफगान-पाक संघर्ष के पीछे भारत का हाथ होने के आरोप को अफगानिस्तान ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। तालिबान के आधिकारिक प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने स्पष्ट कहा कि भारत और अफगानिस्तान के संबंध अच्छे और कूटनीतिक हैं, लेकिन उनका उपयोग पाकिस्तान के खिलाफ नहीं किया जा रहा। उन्होंने पाकिस्तान से अपील की कि वह “बेबुनियाद और राजनीतिक मकसद से प्रेरित” टिप्पणियों से बचे।
तालिबान प्रवक्ता ने कहा कि भारत पर लगाए गए आरोप स्थापित तथ्यों के विपरीत हैं और जानबूझकर भ्रम फैलाने के लिए किए जा रहे हैं। भारत पर पाकिस्तान सरकार के टिप्पणियों की आलोचना करते हुए तालिबान सरकार प्रवक्ता ज़बीउल्लाह मुजाहिदमुजाहिद ने कहा कि “भारत के साथ हमारे अच्छे रिश्ते हैं, ये पाकिस्तान के ख़िलाफ़ नहीं हैं। इसी तरह, पाकिस्तान के साथ हमारे रिश्ते का इस्तेमाल भारत के ख़िलाफ़ नहीं किया जाता”
दूसरी ओर पाकिस्तान सरकार और सैन्य प्रतिष्ठान अपने आरोपों पर कायम हैं। इस्लामाबाद का दावा है कि अफगानिस्तान की जमीन से पाकिस्तान में लगातार आतंकी हमले हो रहे हैं और इन हमलों में काबुल की तालिबान सरकार तथा भारत का समर्थन शामिल है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि सीमा पार से हुए हमलों ने राष्ट्रीय सुरक्षा को गंभीर खतरे में डाला है। इस बीच पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर झड़पों और सैन्य कार्रवाई में दोनों पक्षों के लगभग 300 लोगों की मौत और 500 से अधिक लोगों के घायल होने की खबरें हैं। बढ़ते आरोप-प्रत्यारोप और सैन्य तनाव ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं और विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जल्द कूटनीतिक समाधान नहीं निकला तो यह टकराव व्यापक संघर्ष का रूप ले सकता है।
पाकिस्तान मिलिट्री प्रवक्ता ने भी शुक्रवार को अपनी प्रेस वार्ता में कहा है कि उनकी जमीन पर हो रहे आतंकवादी हमले के पीछे भारत की स्पॉभन्सरशिप, मदद और डिजाइन है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में आतंकवादी हमलों के पीछे भारत है और अफगान तालिबान इसका बेस है। अफगानिस्तान में पनाह पा रहे गुटों को भारत से मदद मिल रही है।