पाकिस्तान और चीन सीमा सुरक्षा व आव्रजन नियंत्रण को करेंगे मजबूत: अधिकारी

Ads

पाकिस्तान और चीन सीमा सुरक्षा व आव्रजन नियंत्रण को करेंगे मजबूत: अधिकारी

  •  
  • Publish Date - July 18, 2026 / 12:46 PM IST,
    Updated On - July 18, 2026 / 12:46 PM IST

इस्लामाबाद, 18 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान और चीन ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए आव्रजन, सीमा प्रबंधन और संस्थागत सहयोग आदि बढ़ाने पर आधिकारिक रूप से सहमति जताई है।

चीन के राष्ट्रीय आव्रजन प्रशासन के महानिदेशक की. जिंगयांग के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से मुलाकात की और दोनों देशों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक में पाकिस्तान के गृह राज्य मंत्री तलाल चौधरी भी मौजूद थे।

पाकिस्तान के गृह मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, नए द्विपक्षीय समझौते का उद्देश्य अवैध आव्रजन, हथियारों की तस्करी और सीमा पार अपराधों के खिलाफ संयुक्त अभियानों की प्रभावशीलता बढ़ाना है।

दोनों पक्षों ने आव्रजन प्रक्रिया को तेज और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जल्द ही एक समझौते को अंतिम रूप देने पर सहमति जताई। इसके अलावा, सीमा प्रबंधन और सुरक्षा के लिए पाकिस्तान-चीन संयुक्त कार्य समूह स्थापित करने का निर्णय लिया गया।

गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने कहा कि पाकिस्तान और चीन के बीच स्थलीय सीमाओं, समुद्री बंदरगाहों और आव्रजन प्रबंधन से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग को और बढ़ाया जाएगा।

चीन के राष्ट्रीय आव्रजन प्रशासन के महानिदेशक जिंगयांग ने कहा कि चीन और पाकिस्तान रणनीतिक साझेदार हैं और चीन पाकिस्तान के साथ सहयोग को और मजबूत करना चाहता है।

उन्होंने कहा, ‘‘चीन पाकिस्तान के संस्थानों की क्षमता निर्माण में लगातार सहयोग करता रहेगा।’’

भाषा शोभना वैभव

वैभव