(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 18 जुलाई (भाषा) अमेरिका स्थित मानवाधिकार संगठनों के कार्यकर्ता राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) सहित परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं के विरोध में नयी दिल्ली में भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक के प्रति एकजुटता जताने के लिए इकट्ठा हुए।
‘हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स’ और ‘आजादी प्रोजेक्ट’ के कार्यकर्ता शुक्रवार शाम वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास के निकट महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास इकट्ठा हुए।
उन्होंने अपने हाथों में वांगचुक के समर्थन में नारे लिखी तख्तियां ली हुई थीं।
प्रदर्शनकारियों ने भारत सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर 28 जून से जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं और वह शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
इस सप्ताह की शुरुआत में ‘हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स’ ने भारत सरकार से वांगचुक और भूख हड़ताल पर बैठे अन्य प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने की अपील की थी।
भाषा
खारी वैभव
वैभव