पाकिस्तानी सेना ने आम चुनाव के नतीजों के बाद गठबंधन सरकार बनाने की अपील की

Ads

पाकिस्तानी सेना ने आम चुनाव के नतीजों के बाद गठबंधन सरकार बनाने की अपील की

  •  
  • Publish Date - February 10, 2024 / 08:01 PM IST,
    Updated On - February 10, 2024 / 08:01 PM IST

(सज्जाद हुसैन)

रावलपिंडी, 10 फरवरी (भाषा) पाकिस्तान के थलसेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर ने आम चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद शनिवार को राजनीतिक नेतृत्व से अनुरोध किया कि वे निजी हितों से ऊपर उठकर शासन करने और जनता की सेवा के लिए समन्वित प्रयास करें।

आम चुनाव के परिणामों के अनुसार देश त्रिशंकु संसद की ओर बढ़ रहा है। एक दिन पहले पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने मिलीजुली सरकार बनाने आह्वान किया था। ऐसा लगता है कि शरीफ को सेना का समर्थन प्राप्त है।

जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी द्वारा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवारों ने बृहस्पतिवार को हुए मतदान में, नेशनल असेंबली में 101 सीट पर जीत हासिल की।

पाकिस्तान निर्वाचन आयोग ने नेशनल असेंबली की 265 में से 255 सीट पर बृहस्पतिवार को हुए मतदान के परिणाम घोषित कर दिये हैं।

पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) ने 73 सीट जीती है, जबकि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) ने 54, मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (एमक्यूएम) ने 17 सीट पर जीत दर्ज की और शेष सीट पर छोटी पार्टियों ने जीत दर्ज की है।

सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी को नेशनल असेंबली की 265 सीट में से 133 सीट चाहिए। एक उम्मीदवार की मृत्यु के बाद एक सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया था।

सेना की मीडिया इकाई द्वारा सेना प्रमुख के हवाले से शनिवार को जारी एक बयान में कहा गया कि पाकिस्तानी अवाम द्वारा स्वतंत्र और निर्बाध भागीदारी के जरिये अपने मताधिकार का इस्तेमाल करना लोकतंत्र एवं पाकिस्तान के संविधान में निहित कानून के शासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

भाषा संतोष सुभाष

सुभाष