पाकिस्तान ने सऊदी अरब के ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर ईरान के हमलों की निंदा की

Ads

पाकिस्तान ने सऊदी अरब के ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर ईरान के हमलों की निंदा की

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 07:35 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 07:35 PM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, सात अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान ने सऊदी अरब के पूर्वी क्षेत्र में ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर ईरान के हमलों की मंगलवार को निंदा करते हुए इसे एक “खतरनाक उकसावे भरा कदम” करार दिया, जो क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को कमजोर करता है।

यह हमला ऐसे समय में हुआ, जब पाकिस्तान, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से शांति समझौते के लिए निर्धारित समय सीमा समाप्त होने से पहले वाशिंगटन और तेहरान के बीच संघर्ष-विराम कराने की पुरजोर कोशिशों में जुटा है।

विदेश कार्यालय ने कहा, “पाकिस्तान सरकार सऊदी अरब के पूर्वी क्षेत्र में ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर सोमवार रात ईरान की ओर से किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों पर गहरी चिंता जाहिर करती है और उनकी स्पष्ट निंदा करती है।”

उसने कहा कि पाकिस्तान इन हमलों में हुई जानमाल की हानि पर शोक जताता है और अहम बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान की कड़ी निंदा करता है।

विदेश कार्यालय ने कहा कि पाकिस्तान सरकार इस कठिन समय में सऊदी अरब की सरकार और वहां के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ी है।

उसने कहा कि पाकिस्तान इन हमलों को सऊदी अरब की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का गंभीर उल्लंघन तथा क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता को कमजोर करने वाला एक खतरनाक उकसावे भरा कदम मानता है।

विदेश कार्यालय ने कहा कि पाकिस्तान सऊदी अरब की सुरक्षा के लिए अपने अटूट समर्थन की पुष्टि करता है।

भाषा पारुल सुरेश

सुरेश