पाकिस्तान ने चीन से अपना दूसरा स्वदेशी पृथ्वी अवलोकन उपग्रह प्रक्षेपित किया

Ads

पाकिस्तान ने चीन से अपना दूसरा स्वदेशी पृथ्वी अवलोकन उपग्रह प्रक्षेपित किया

  •  
  • Publish Date - February 12, 2026 / 04:30 PM IST,
    Updated On - February 12, 2026 / 04:30 PM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 12 फरवरी (भाषा) पाकिस्तान ने चीन के यांगजियांग सीशोर प्रक्षेपण केंद्र से अपने दूसरे स्वदेशी पृथ्वी अवलोकन उपग्रह ईओ-2 का बृहस्पतिवार को सफल प्रक्षेपण किया। सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी।

सरकारी समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान’ ने बताया कि अंतरिक्ष और ऊपरी वायुमंडल अनुसंधान आयोग (एसयूपीएआरसीओ) द्वारा विकसित यह उपग्रह देश की पृथ्वी अवलोकन और उच्च-रिजॉल्यूशन इमेजिंग क्षमताओं को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है।

एसयूपीएआरसीओ के अधिकारियों ने बताया कि यह उपग्रह राष्ट्रीय विकास योजना, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, पर्यावरण निगरानी और शहरी विस्तार में सहयोग देने के लिए महत्वपूर्ण डेटा प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि इससे सटीक और समय पर उपग्रह चित्र उपलब्ध कराकर शासन, आपदा प्रबंधन, जलवायु विश्लेषण और रणनीतिक निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करने के मदद मिलेगी।

अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि ईओ-2 के साथ पाकिस्तान ने अपने उपग्रह बेड़े का विस्तार किया है, जिससे पृथ्वी अवलोकन डेटा की बेहतर निरंतरता, कवरेज और सटीकता सुनिश्चित होती है।

पाकिस्तान ने पिछले साल उत्तरी चीन के जियुकुआन उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से अपना पहला स्वदेशी इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल (ईओ-1) उपग्रह प्रक्षेपित किया था।

भाषा सिम्मी सुरेश

सुरेश

शीर्ष 5 समाचार