उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में पोलियो टीम पर हुए हमले में कांस्टेबल घायल

Ads

उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में पोलियो टीम पर हुए हमले में कांस्टेबल घायल

  •  
  • Publish Date - April 15, 2026 / 07:50 PM IST,
    Updated On - April 15, 2026 / 07:50 PM IST

पेशावर, 15 अप्रैल (भाषा) उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को पोलियो टीकाकरण दल पर हुए हमले में एक कांस्टेबल घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

हांगू जिले के समाना रोड पर एक सशस्त्र हमलावर ने कांस्टेबल के दल पर गोलीबारी की, जिसमें मोहम्मद अनस नामक कांस्टेबल के पैर में गोली लगी।

अनस को इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने बताया कि हमले में शामिल संदिग्ध को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

यह घटना सोमवार को प्रांत में पोलियो टीकाकरण दल की सुरक्षा के लिए तैनात सुरक्षा दस्ते पर अज्ञात आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी के दो दिन बाद हुई है।

गोलीबारी की उस घटना में एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई और चार अन्य कर्मी घायल हो गए।

घटना हांगू जिले के थल पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाले चापरी वज़ीरान इलाके में प्रांतव्यापी पोलियो रोधी अभियान के पहले दिन हुर्द थी।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि एक संबंधित घटना में, संदिग्ध आतंकवादियों ने खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में पोलियो टीम के तीन कर्मचारियों का अपहरण कर लिया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना झंडोखेल इलाके में हुई, जहां अज्ञात लोगों ने पोलियो टीकाकरण दल के तीन सदस्यों का अपहरण कर लिया।

ये कार्यकर्ता नियमित टीकाकरण करने गए थे।

पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और अपहृत कार्यकर्ताओं को मुक्त कराने और अपराधियों का पता लगाने के लिए तलाश अभियान शुरू किया।

किसी भी समूह ने अपहरण की फिलहाल जिम्मेदारी नहीं ली है।

प्रांत भर में चार दिवसीय पोलियो रोधी अभियान के तहत 35,000 से अधिक टीकाकरण टीमों की सुरक्षा के लिए लगभग 50,000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।

तेरह से 16 अप्रैल तक चलाये जा रहे इस अभियान का उद्देश्य पेशावर सहित प्रांत के सभी जिलों में लगभग 65 लाख बच्चों को पोलियो वायरस से बचाव के लिए टीका लगाना है।

भाषा

राखी सुभाष

सुभाष