पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने लाल सागर में सऊदी टैंकर पर हूती हमले की निंदा की

Ads

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने लाल सागर में सऊदी टैंकर पर हूती हमले की निंदा की

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 03:35 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 03:35 PM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 23 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बृहस्पतिवार को लाल सागर में सऊदी तेल टैंकर पर हुए हूती विद्रोहियों के हमले की निंदा की और खाड़ी देश की सुरक्षा एवं क्षेत्रीय अखंडता के लिए ‘‘अटूट समर्थन’’ जताया।

प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, शरीफ ने सऊदी अरब के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सऊद से फोन पर बातचीत की।

दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत ऐसे समय में हुई, जब यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने बृहस्पतिवार तड़के दावा किया कि उन्होंने लाल सागर में सऊदी अरब के दो तेल टैंकरों पर हमला किया है।

हूती विद्रोहियों ने इस सप्ताह की शुरुआत में बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य से सऊदी अरब से जुड़े जहाजों की आवाजाही पर नाकेबंदी की घोषणा की थी। हूतियों ने यह कदम यमन पर सऊदी अरब की नाकेबंदी और विद्रोहियों के कब्जे वाली राजधानी सना के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हाल में हुए हमले के विरोध में घोषित किया था।

बयान के मुताबिक, शरीफ ने हमले की निंदा करते हुए सऊदी अरब की सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के लिए पाकिस्तान के अटूट समर्थन को दोहराया।

शरीफ ने कहा कि ऐसे कृत्य ‘‘पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं, ये अंतरराष्ट्रीय कानून का साफ उल्लंघन हैं और ये क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा एवं स्थिरता को कमजोर करते हैं’’।

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल