इस्लामाबाद, पांच मई (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में नागरिक बुनियादी ढांचे पर मिसाइल और ड्रोन हमलों की मंगलवार को कड़ी निंदा की।
यूएई ने सोमवार को कहा कि ईरान ने उसके महत्वपूर्ण ऊर्जा केंद्र फुजैराह समेत कई स्थानों पर हमले किए जिनमें तीन भारतीय घायल हो गए।
प्रधानमंत्री शहबाज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पाकिस्तान यूएई में कल रात हुए नागरिक बुनियादी ढांचे पर मिसाइल और ड्रोन हमलों की कड़ी निंदा करता है। मैं मोहम्मद बिन जायद के साथ पूरी एकजुटता व्यक्त करता हूं।’’
उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान इस कठिन समय में अपने अमीराती भाइयों और बहनों के साथ-साथ यूएई सरकार के साथ मजबूती से खड़ा है।
उन्होंने कहा कि युद्धविराम का पालन और सम्मान करना आवश्यक है, ताकि क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता लाने के लिए संवाद को लेकर आवश्यक कूटनीतिक अवसर मिल सके।
ये हमले पिछले महीने अमेरिका और ईरान के मध्य हुए युद्धविराम समझौते के बाद क्षेत्र में बनी अस्थिर शांति के बीच हुए हैं। पाकिस्तान दोनों पक्षों के बीच स्थायी शांति स्थापित कराने का प्रयास कर रहा है, लेकिन यह प्रक्रिया धीमी गति से आगे बढ़ रही है।
यूएई के विदेश मंत्रालय ने मिसाइलों और ड्रोन हमलों की निंदा करते हुए कहा कि बिना किसी उकसावे के यह कार्रवाई की गई।
भाषा आशीष नरेश
नरेश