वाशिंगटन, 30 जून (एपी) अमेरिका के उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को उन राज्य कानूनों को बरकरार रखा, जो ट्रांसजेंडर लड़कियों और महिलाओं को स्कूलों की खेल टीम में भाग लेने से रोकते हैं। इसे ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए एक और झटके के रूप में देखा जा रहा है।
अदालत के बहुमत वाले फैसले में कहा गया कि इडाहो और वेस्ट वर्जीनिया के ऐसे प्रतिबंध संविधान या संघीय कानून ‘टाइटल नौ’ का उल्लंघन नहीं करते। ‘टाइटल नौ’ शिक्षा के क्षेत्र में लैंगिक आधार पर भेदभाव को प्रतिबंधित करता है।
इस पीठ ने पिछले एक वर्ष में ट्रांसजेंडर लोगों के खिलाफ कई फैसले दिए हैं।
रिपब्लिकन पार्टी शासित दो दर्जन से अधिक अन्य राज्यों ने भी ट्रांसजेंडर महिला खिलाड़ियों के महिला खेलों में भाग लेने पर प्रतिबंध लगाने वाले कानून लागू किए हैं, और यह फैसला उन राज्यों पर भी समान रूप से लागू होने की संभावना है।
हालांकि, इस फैसले से उन मुकदमों का निपटारा नहीं हुआ है जिनमें कनेक्टिकट, कैलिफोर्निया और अन्य स्थानों के उन कानूनों तथा नियमों को चुनौती दी गई है, जो ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों को उनकी लैंगिक पहचान के अनुरूप प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अनुमति देते हैं।
उच्चतम न्यायालय 2020 में एक ऐतिहासिक फैसले में कहा था कि एलजीबीटीक्यू समुदाय के लोग संघीय नागरिक अधिकार कानून के तहत संरक्षित हैं, जो कार्यस्थलों पर लिंग के आधार पर भेदभाव को प्रतिबंधित करता है। अदालत ने कहा था कि ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को उन गुणों या व्यवहारों के लिए दंडित करने के नियोक्ताओं के निर्णयों में, जिन्हें वे अन्य लोगों के मामले में स्वीकार करते हैं, लिंग की भूमिका स्पष्ट और निर्णायक होती है।
लेकिन पिछले वर्ष नौ सदस्यीय पीठ के छह न्यायाधीशों ने इसी प्रकार की कानूनी व्याख्या को लागू करने से इनकार कर दिया था, जब उन्होंने ट्रांसजेंडर नाबालिगों के लिए लैंगिक पहचान की पुष्टि से संबंधित चिकित्सा सेवाओं पर राज्य सरकारों द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों को बरकरार रखा था।
एपी आशीष प्रशांत
प्रशांत