पाकिस्तान अमेरिका-ईरान वार्ता की मेजबानी करने को तैयार : विदेश कार्यालय

पाकिस्तान अमेरिका-ईरान वार्ता की मेजबानी करने को तैयार : विदेश कार्यालय

पाकिस्तान अमेरिका-ईरान वार्ता की मेजबानी करने को तैयार : विदेश कार्यालय
Modified Date: April 2, 2026 / 07:26 pm IST
Published Date: April 2, 2026 7:26 pm IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, दो अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार को कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के व्यापक एवं स्थायी समाधान के लिए अमेरिका और ईरान के बीच सार्थक वार्ता की मेजबानी और सुविधा प्रदान करना उसके लिए सम्मान की बात होगी।

विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी की यह टिप्पणी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के उस बयान के दो दिन बाद आयी है, जिसमें उन्होंने कहा था कि इस्लामाबाद अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष को समाप्त करने के लिए ‘‘सार्थक और निर्णायक वार्ता’’ कराने के लिए तैयार है।

अंद्राबी ने यहां प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘जारी संघर्ष के व्यापक और स्थायी समाधान के लिए आने वाले दिनों में दोनों पक्षों के बीच सार्थक वार्ता की मेजबानी और सुविधा प्रदान करना हमारे लिए सम्मान की बात होगी।’’

उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए चीन और पाकिस्तान द्वारा प्रस्तावित पांच सूत्री पहल विदेश मंत्री इसहाक डार की बीजिंग यात्रा का एक प्रमुख परिणाम था और इस पहल का व्यापक रूप से स्वागत किया गया है।

अंद्राबी ने कहा, ‘‘यह युद्ध को समाप्त करने का प्रयास है, और यह जारी शत्रुता के स्थायी समाधान की दिशा में एक टिकाऊ मार्ग प्रशस्त करने का प्रयास है।’’

भाषा शफीक नरेश

नरेश


लेखक के बारे में