वाशिंगटन, 25 मई (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ के बाहर स्थित एक जांच चौकी पर गोलीबारी की घटना में घायल हुए एक राहगीर की हालत गंभीर लेकिन स्थिर है।
‘यूएस सीक्रेट सर्विस’ ने बताया कि राहगीर की पहचान अभी नहीं हो पाई है। उसने बताया कि व्यक्ति को गोली लगी है लेकिन घाव को जानलेवा नहीं बताया गया है।
उसने बताया कि ‘व्हाइट हाउस’ की सुरक्षा जांच चौकी के पास अधिकारियों पर गोलीबारी करने वाले व्यक्ति की सुरक्षाकर्मियों की जवाबी कार्रवाई में मौत हो गई।
कानून प्रवर्तन एजेंसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक बयान में बताया कि सेवनटींथ स्ट्रीट और पेंसिल्वेनिया एवेन्यू इलाके में मौजूद हमलावर ने ‘‘अपने बैग से हथियार निकाला’’ और गोलीबारी शुरू कर दी। एजेंसी ने बताया कि ‘सीक्रेट सर्विस’ के अधिकारियों ने जवाबी गोलीबारी की जिसमें संदिग्ध घायल हो गया और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
एक कानून प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध की पहचान 21 वर्षीय नासिरे बेस्ट के रूप में हुई है।
पिछले एक महीने में यह तीसरी बार है जब राष्ट्रपति के पास गोलीबारी हुई। इससे पहले अप्रैल में व्हाइट हाउस संवाददाता संघ के रात्रिभोज और मई की शुरुआत में वाशिंगटन मोन्यूमेंट के पास ऐसी घटनाएं हुई थीं।
शनिवार को हुई घटना के दौरान एक राहगीर को भी गोली लगी लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि वह संदिग्ध द्वारा शुरू में चलाई गई गोलियों से घायल हुआ या अधिकारियों द्वारा की गई गोलीबारी के दौरान उसे गोली लगी।
‘सीक्रेट सर्विस’ ने कहा कि इस दौरान उसका कोई अधिकारी घायल नहीं हुआ और ट्रंप सुरक्षित हैं। ट्रंप घटना के समय ‘व्हाइट हाउस’ में मौजूद थे। ट्रंप का पहले न्यू जर्सी स्थित अपने गोल्फ क्लब में सप्ताहांत बिताने का कार्यक्रम था लेकिन उन्होंने शुक्रवार को अपनी योजना बदलकर ‘व्हाइट हाउस’ में ही रहने का फैसला किया।
एपी सिम्मी सुरभि
सुरभि