यूक्रेन ने रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में तेल टर्मिनल पर ड्रोन हमला किया

Ads

यूक्रेन ने रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में तेल टर्मिनल पर ड्रोन हमला किया

  •  
  • Publish Date - July 4, 2026 / 07:25 PM IST,
    Updated On - July 4, 2026 / 07:25 PM IST

मॉस्को, चार जुलाई (एपी) यूक्रेन ने एक ड्रोन हमले में सेंट पीटर्सबर्ग स्थित एक तेल टर्मिनल को शनिवार को निशाना बनाया। रूसी अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

रूस के तेल प्रतिष्ठानों पर हमले तेज करने की अपनी रणनीति के तहत यूक्रेन लगातार ऐसे हमले कर रहा है।

गवर्नर अलेक्जेंडर बेगलोव ने बताया कि बाल्टिक सागर के तट पर स्थित शहर के किरोव्स्की जिले को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि हवाई रक्षा प्रणालियों ने रूस के दूसरे सबसे बड़े शहर और उसके आसपास के क्षेत्र में यूक्रेन के 72 ड्रोन मार गिराए।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेनी बलों ने सेंट पीटर्सबर्ग के तट के निकट स्थित क्रोनस्टाट द्वीप पर एक सैन्य ठिकाने को भी निशाना बनाया।

जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यूक्रेन के रक्षा बलों ने बंदरगाह के उस तेल प्रतिष्ठान को निशाना बनाया, जिससे रूस को युद्ध के लिए आर्थिक मदद प्राप्त होती है। इसके अलावा क्रोनस्टाट पर भी हमले किये गये, जो एक महत्वपूर्ण सैन्य लक्ष्य है।’’

गवर्नर सर्गेई अक्स्योनोव ने बताया कि शनिवार को यूक्रेन के एक हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गये।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन द्वारा रूस के ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर किए जा रहे हमलों को ‘‘गंभीर नहीं’’ बताते हुए खारिज कर दिया और कहा कि युद्ध तब तक जारी रहेगा, जब तक उनके लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते।

पुतिन ने शुक्रवार को यूक्रेन में युद्ध का संचालन कर रहे रूसी सैन्य मुख्यालय का दौरा किया था।

इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी जापोरिजिया क्षेत्र में रूसी हमले में रिहायशी इमारतों को निशाना बनाये जाने से आठ लोग घायल हो गए, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।

एपी

देवेंद्र दिलीप

दिलीप