डोमिनिकन गणराज्य में विमान दुर्घटनाग्रस्त, दो अमेरिकी पायलटों की मौत
डोमिनिकन गणराज्य में विमान दुर्घटनाग्रस्त, दो अमेरिकी पायलटों की मौत
सैंटो डोमिंगो (डोमिनिकन गणराज्य), आठ जून (एपी) कैरेबियाई क्षेत्र के द्वीपीय देश डोमिनिकन गणराज्य में आपातकालीन लैंडिंग की कोशिश कर रहे एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होकर आग की चपेट में आ जाने से अमेरिका के एक पायलट और सह-पायलट की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
डोमिनिकन नागरिक उड्डयन संस्थान के एक बयान के अनुसार, यह दुर्घटना रविवार को दक्षिणी तटीय शहर ला रोमाना के निकट हुई। संस्थान ने मृत पायलट और सह-पायलट की पहचान अमेरिकी नागरिकों के रूप में की है।
विमान दुर्घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। विमान में कोई यात्री सवार नहीं था।
मेजर लीग बेसबॉल (एमएलबी) के ऑल-स्टार रह चुके पूर्व कैचर याडियर मोलिना ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह विमान उन्हें, उनके परिवार और मित्रों को लेने के लिए टेक्सास जा रहा था।
मोलिना ने लिखा, “पायलटों और उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।”
उन्होंने बताया कि वह और उनका समूह प्यूर्टो रिको जाने वाले थे।
अधिकारियों के अनुसार, विमान ने प्यूर्टो रिको से उड़ान भरी थी और टेक्सास जाने से पहले ईंधन भरवाने के लिए डोमिनिकन गणराज्य में उतरा था।
अधिकारियों ने बताया कि डोमिनिकन गणराज्य से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद पायलट और सह-पायलट ने आपात स्थिति की सूचना दी थी।
एपी रवि कांत सुरेश
सुरेश

Facebook


