प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड के राजा और रानी से मुलाकात की

Ads

प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड के राजा और रानी से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - May 16, 2026 / 07:15 PM IST,
    Updated On - May 16, 2026 / 07:15 PM IST

हेग, 16 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से मुलाकात की तथा पारस्परिक हित के मुद्दों पर चर्चा की।

व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा तथा नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के उद्देश्य से पांच देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण के तहत मोदी शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात में संक्षिप्त ठहराव के बाद नीदरलैंड पहुंचे।

इससे पहले दिन में, मोदी ने हेग में भारतीय समुदाय के लोगों की एक सभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने भारत को ‘‘अवसरों की भूमि’’ बताया जो ‘‘अभूतपूर्व परिवर्तन’’ से गुजर रही है।

प्रधानमंत्री मोदी की 15 से 17 मई तक की नीदरलैंड यात्रा इस यूरोपीय देश की उनकी दूसरी यात्रा है। अधिकारियों ने इस यात्रा को भारत-नीदरलैंड संबंधों में एक ‘‘महत्वपूर्ण मोड़’’ बताया है।

इससे पहले उन्होंने 2017 में नीदरलैंड की यात्रा की थी।

विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि इस यात्रा में एक ‘‘समृद्ध और ठोस एजेंडा’’ शामिल है तथा इससे दोनों देशों के बीच निरंतर जुड़ाव के माध्यम से उभरी साझेदारी के रणनीतिक आयामों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

भारत और नीदरलैंड ने हाल के वर्षों में व्यापार, निवेश और जल, कृषि तथा स्वास्थ्य के प्राथमिकता वाले पारंपरिक क्षेत्रों से आगे बढ़कर अपने सहयोग का काफी विस्तार किया है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा, सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा और समुद्री क्षेत्र सहित रणनीतिक क्षेत्रों में साझेदारी में वृद्धि हुई है।

शनिवार को बाद में, मोदी नीदरलैंड के अपने समकक्ष रॉब जेटेन से मुलाकात करेंगे।

भाषा नेत्रपाल पवनेश

पवनेश