प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों की मजबूती को दर्शाने के लिए क्रिक्रेट का उल्लेख किया
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों की मजबूती को दर्शाने के लिए क्रिक्रेट का उल्लेख किया
मेलबर्न, नौ जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के तेजी से बढ़ते रणनीतिक संबंधों को दर्शाने के लिए बृहस्पतिवार को क्रिकेट के प्रति दोनों देशों के जुनून का उल्लेख किया।
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज की उपस्थिति में मोदी ने भारत-ऑस्ट्रेलिया के द्विपक्षीय संबंधों की गति और गहराई को समझाने के लिए उसकी क्रिकेट के अलग-अलग प्रारुपों से तुलना की।
उन्होंने कहा, ‘‘हम दुनिया की खेलकूद राजधानी मेलबर्न में हैं, ऐसे में अगर हम खेल की बात न करें तो यह टॉस के बाद क्रिकेट मैच शुरू नहीं करने जैसा होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘क्रिकेट भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों की कूटनीतिक भाषा है। इसीलिए हमारी बैठकें भी क्रिकेट जैसी होती हैं: एजेंडा–एक दिवसीय मैच की तरह बिल्कुल केंद्रित।’’
मोदी ने कहा, ‘‘फैसले–टी 20 की तरह तेज़, और साझेदारी—टेस्ट मैच की तरह लंबी और गहरी।’’
उन्होंने अल्बनीज के साथ शिखर वार्ता के बाद यह टिप्पणी की।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आने वाले वर्षों में, दोनों देश ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेल जैसे बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी करेंगे। इससे न केवल खेलों के क्षेत्र में हमारा सहयोग बढ़ेगा, बल्कि खेल अवसंरचना में निवेश के कई अवसर भी पैदा होंगे।’’
मोदी-अल्बनीज़ शिखर वार्ता के बाद, दोनों पक्षों ने संबंधों को आग बढ़ाने के लिए नागरिक परमाणु ऊर्जा, समुद्री सुरक्षा और अहम खनिज क्षेत्रों से जुड़े कई अहम समझौतों पर मुहर लगाई।
प्रधानमंत्री बुधवार को इंडोनेशिया से ऑस्ट्रेलिया पहुंचे। यह उनके तीन देशों के दौरे का दूसरा चरण है, जिसका मकसद बदलते भू-राजनीतिक माहौल के बीच व्यापार, ऊर्जा और रक्षा संबंधों को मज़बूत करना है।
भाषा
राजकुमार अविनाश
अविनाश

Facebook


